ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: महमूदाबाद में वासंतिक नवरात्र के सातवें दिन बुधवार को देवी भक्तों ने मां दुर्गा के कालरात्रि स्वरूप का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। नगर के प्रसिद्ध श्री संकटा देवी धाम में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
मंदिर परिसर में दिनभर धार्मिक आयोजनों का सिलसिला चलता रहा। श्रद्धालुओं द्वारा गोद भराई, मुंडन एवं अन्नप्राशन जैसे मांगलिक कार्यक्रम बड़े उत्साह के साथ संपन्न कराए गए। मंदिर के पुजारी पुरुषोत्तम मिश्र ने मां कालरात्रि का विधिवत पूजन-अर्चन कर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान किया।
नवरात्र पर्व को लेकर प्रतिदिन सायं 7 बजे आयोजित होने वाली मां संकटा की महाआरती में भी सैकड़ों की संख्या में भक्त शामिल हो रहे हैं। आरती के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठता है।
मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में महिला व पुरुष पुलिसकर्मियों की पर्याप्त तैनाती की गई, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
नवरात्र के पावन अवसर पर संकटा देवी धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ आस्था और विश्वास का प्रतीक बनी रही।
