विदेश में मिसाइल हमले में युवक की मौत, शव पहुंचते ही गांव में मचा कोहराम

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: महमूदाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम बघांइन गांव निवासी 25 वर्षीय युवक रवि गोपाल की सऊदी अरब में मिसाइल हमले में हुई दर्दनाक मौत के बाद बुधवार सुबह उनका पार्थिव शरीर भारत पहुंचा। शव के गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रवि गोपाल रियाद स्थित एक प्लास्टिक फैक्ट्री में कार्यरत थे। बीते 18 मार्च को फैक्ट्री परिसर में अचानक मिसाइल गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना की सूचना मिलते ही परिवार समेत पूरे इलाके में मातम छा गया था।

बुधवार प्रातः फ्लाई नास विमान से उनका पार्थिव शरीर चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (अमौसी) लाया गया, जहां पहले से मौजूद परिजनों की आंखें नम हो गईं। शव को सुरक्षित गांव तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।

प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार व पुलिस विभाग के एक सब-इंस्पेक्टर की तैनाती की गई थी, वहीं एंबुलेंस की व्यवस्था भी पहले से सुनिश्चित कर दी गई थी।

मृतक के बड़े भाई मनमोहन सहित अन्य परिजन एयरपोर्ट पर मौजूद रहे। प्रशासन की निगरानी में शव को आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराकर गांव के लिए रवाना किया गया।

पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. रिज़वी ने पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए रखी। उन्होंने एयरपोर्ट अधिकारियों, फ्लाई नास प्रबंधन एवं संबंधित लोगों से संपर्क कर शव को शीघ्र भारत लाने में अहम भूमिका निभाई। उनके प्रतिनिधि भी मौके पर मौजूद रहे।

डॉ. रिज़वी ने अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना जताई।
उन्होंने केंद्र सरकार के प्रति भी आभार व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री के प्रयासों की सराहना की, जिनके निर्देशों पर शव को समय से भारत लाया जा सका।

साथ ही उन्होंने मांग की है कि संबंधित फैक्ट्री मालिक से पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिलाया जाए, जिससे परिवार को आर्थिक सहारा मिल सके।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में गम का माहौल है और लोग मृतक की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *