ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: महमूदाबाद नगर क्षेत्र में जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर का जन्मोत्सव सोमवार को क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर प्रातःकाल से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी, जहां दर्शन-पूजन और अभिषेक का क्रम देर तक चलता रहा।
सरावगी टोला स्थित श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में सुबह से ही विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान महावीर का अभिषेक एवं पूजन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान भगवान के माता-पिता बनने का सौभाग्य अशोक जैन व मोना जैन को प्राप्त हुआ, जबकि सौधर्म इंद्र का दायित्व अंकित जैन व प्रीति जैन ने निभाया। वहीं धनकुबेर की भूमिका मनोज जैन व रोमी जैन द्वारा निभाई गई।
इसके पश्चात भगवान महावीर को सुसज्जित रथ पर विराजमान कर नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ मंदिर प्रांगण से हुआ, जिसका उद्घाटन कोमल चंद्र जैन परिवार ने किया। रथ के सारथी बनने का सौभाग्य शुभम जैन व अर्पिता जैन को मिला।
शोभायात्रा बजाजा चौराहा, रामकुण्ड चौराहा सहित प्रमुख मार्गों से होती हुई महावीर उद्यान पहुंची, जहां पाण्डुक शिला पर भगवान को विराजमान कर विधि-विधान से अभिषेक, शांतिधारा एवं पूजन संपन्न हुआ। इसके बाद शोभायात्रा पुनः नगर भ्रमण करते हुए मंदिर पहुंचकर सम्पन्न हुई।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने जगह-जगह भगवान की आरती उतारी और प्रसाद वितरण किया। महिलाओं ने डांडिया नृत्य कर उत्सव की खुशी जाहिर की, जबकि युवाओं ने भांगड़ा कर माहौल को और उत्साहपूर्ण बना दिया। पूरे नगर में “भगवान महावीर स्वामी की जय” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर जैन समाज अध्यक्ष अभिषेक जैन, अनुज जैन, अतुल वर्मा, अम्बीश गुप्त, कोतवाली प्रभारी अनिल सिंह, विकास जैन, नीरज जैन, मनोज जैन (भारत रेडियो), पंकज जैन, आयुष जैन, हिमांशु जैन, शैलेश जैन सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल भी मुस्तैद रहा।
