संविधान बचाओ अभियान के तहत नुक्कड़ सभा, सांसद राकेश राठौर ने जनता से एकजुट होने की अपील

ब्यूरो रिपोर्ट : सीतापुर में कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाए जा रहे संविधान बचाओ अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत कचनार, विकास खंड ऐलिया में नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान कांग्रेस सांसद राकेश राठौर ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि हम सभी अपने अधिकारों और सम्मान के लिए एकजुट होकर संघर्ष करें। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार में गरीबों, किसानों, मजदूरों और बेरोजगारों के साथ लगातार छलावा किया जा रहा है।

सभा में उपस्थित कांग्रेस जिला अध्यक्ष डॉ. ममता वर्मा ने सभी कार्यकर्ताओं और जनता से अपील की कि वे 28 अक्टूबर को प्रातः 10:30 बजे राजा कॉलेज मैदान, सीतापुर में होने वाली महत्वपूर्ण जनसभा में अधिक से अधिक संख्या में पहुँचें और मौजूदा ज्वलंत मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद करें।

डॉ. बृज बिहारी ने कहा कि जैसे मां अपने बच्चे को तब तक दूध नहीं पिलाती जब तक वह रोता नहीं, उसी तरह अपने हक़ के लिए आवाज़ उठाना अब सभी की ज़िम्मेदारी है।

कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष एवं जिला संगठन प्रभारी शिव प्रकाश सिंह ने कहा कि सांसद राकेश राठौर द्वारा जनहित के मुद्दों पर लगातार किया जा रहा संघर्ष कांग्रेस के लिए रामबाण सिद्ध होगा, जिसका असर आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में स्पष्ट दिखाई देगा।

कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष राजेश सिंह तोमर ने किया। जिला कोषाध्यक्ष संजीव नाथ गुप्ता ने भी अपने विचार रखते हुए लोगों से कांग्रेस के संघर्ष में सहभागी बनने की अपील की।

इस सभा में मुख्य रूप से सुखेंद्र सिंह, हौसला सिंह, पिंकी देवी, रामेश्वर दयाल, संजय कुमार, मनोज राठौर, सुशील कुमार भारती, निर्मल सिंह, सत्य प्रकाश सिंह सहित क्षेत्र के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *