नवनियुक्त पदाधिकारियों का हुआ सम्मान, मानवाधिकार जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: महमूदाबाद में  विश्व मानव अधिकार कानून एवं अपराध नियंत्रण ट्रस्ट भारत द्वारा संगठन के नवनियुक्त पदाधिकारियों के सम्मान में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम राष्ट्रीय संरक्षक एस.एस. दिनकर एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतू सिंह दिनकर के मार्गदर्शन में जिला अध्यक्ष मुजीब अहमद तथा नगर अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

समारोह के दौरान संगठन की विभिन्न इकाइयों में नियुक्त पदाधिकारियों को परिचय-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अनुपम कुमार त्रिपाठी को प्रदेश उपाध्यक्ष (उत्तर प्रदेश), राम कुमारी को तहसील वरिष्ठ उपाध्यक्ष (महमूदाबाद), जाकिर को ब्लॉक सदस्य तथा भोला चौहान को ब्लॉक संगठन मंत्री के पद का दायित्व सौंपा गया। सभी नवनियुक्त पदाधिकारी विश्व मानव अधिकार कानून एवं अपराध नियंत्रण ट्रस्ट भारत तथा इसकी महिला प्रकोष्ठ शाखा “युवा महिला सशक्तिकरण मानवाधिकार मोर्चा” से संबद्ध हैं।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय न्यूज़ एडिटर एवं मीडिया प्रमुख अनुज कुमार जैन, प्रदेश न्याय एवं मंडल कार्यालय प्रभारी लखनऊ अशोक कुमार वर्मा, तहसील संयोजक शिवदास, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी ओमप्रकाश पांडेय सहित संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

वक्ताओं ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके दायित्वों और जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मानवाधिकारों के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना, जरूरतमंदों को उनके अधिकारों की जानकारी देना तथा सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए कार्य करना संगठन की प्राथमिकता है।

वक्ताओं ने कहा कि संगठन का प्रत्येक सदस्य निष्ठा, समर्पण और सेवा भाव के साथ कार्य करते हुए मानवाधिकार संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। साथ ही संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों से सक्रिय सहभागिता की अपील की गई।

नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने तथा मानवाधिकारों के संरक्षण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर मजबूती से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि संगठन समाज के कमजोर, पीड़ित एवं जरूरतमंद लोगों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।

सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए इस समारोह में उपस्थित सभी सदस्यों ने मानवाधिकार जागरूकता, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सेवा के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *