ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: कोतवाली महमूदाबाद क्षेत्र के ग्राम भेथरा माधव में नाली के पानी और कूड़ा डालने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि विवाद के दौरान दो भाइयों के साथ मारपीट की गई, जिससे दोनों घायल हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी छोटेलाल पुत्र नत्था लाल द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब छह बजे उसका भाई रंजीत कुमार घर से कूड़ा डालने जा रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले बबलू, छोटू पुत्रगण सम्बारी, शत्रोहन पुत्र जगन तथा सम्बारी पुत्र बद्दल से नाली में पानी जाने और कूड़ा डालने को लेकर कहासुनी हो गई।
आरोप है कि देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और विपक्षी पक्ष ने रंजीत कुमार के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। शोर-शराबा सुनकर जब छोटेलाल अपने भाई को बचाने पहुंचा तो उसके साथ भी लाठी-डंडों से मारपीट की गई। घटना में दोनों भाइयों को चोटें आईं।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। आरोप है कि जाते समय उन्होंने दोनों भाइयों को जान से मारने की धमकी भी दी।
मामले की सूचना मिलने पर पीड़ित ने कोतवाली महमूदाबाद पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा 115(2), 352 एवं 351(3) के तहत मुकदमा संख्या 0197 दर्ज कर लिया है।
कोतवाली महमूदाबाद पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
(नोट: समाचार में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता द्वारा दी गई तहरीर पर आधारित हैं। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।)
