शारदा सहायक नहर में मिले दो नवजातों के शव, जांच शुरू

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: जिले के थाना सदरपुर क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक बेहद दर्दनाक और संवेदनशील घटना सामने आई। शारदा सहायक नहर में दो नवजात शिशुओं के शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। एक साथ दो मासूमों के शव बरामद होने की सूचना से ग्रामीण स्तब्ध रह गए और क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह कुछ ग्रामीण नहर किनारे गए थे। इसी दौरान उनकी नजर नहर के उत्तरी किनारे पर पड़े दो नवजात शिशुओं के शवों पर पड़ी। यह हृदयविदारक दृश्य देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही डायल-112 और थाना सदरपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों शवों को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस आसपास के गांवों और संभावित क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है तथा यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि नवजात शिशुओं के शव नहर तक कैसे पहुंचे। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं यह मामला नवजातों को जन्म के बाद फेंके जाने से जुड़ा तो नहीं है। हालांकि पुलिस अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है।

थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश वर्मा ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।

दो नवजात शिशुओं के शव मिलने की इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *