विश्व पर्यावरण दिवस पर सीतापुर में बृहद वृक्षारोपण, “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को मिली नई गति

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सैन्य भूमि, सीतापुर में “उत्तर प्रदेश में जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का समाधान” विषयक बृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस कर्मियों, एनसीसी कैडेट्स तथा विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रेरित “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को आगे बढ़ाते हुए अतिथियों ने पौधे रोपे और नागरिकों से भी अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि तेजी से बढ़ रहे प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी और स्थायी उपाय है।

नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर ‘गुरु’, कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही, विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश शुक्ला तथा जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को शुद्ध करने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन, जैव विविधता और भविष्य की पीढ़ियों के सुरक्षित अस्तित्व की आधारशिला भी हैं।

कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न सरकारी विभागों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।

विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह वृक्षारोपण कार्यक्रम न केवल हरित विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ, बल्कि समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करने का भी सशक्त माध्यम बना।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *