विश्व पर्यावरण दिवस पर ग्राम पंचायत बनेहरा वीरबल में वृक्षारोपण, कवि शशि बिंदु यादव ने कविता के माध्यम से जगाई पर्यावरण चेतना

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विकास खंड पहला की ग्राम पंचायत बनेहरा वीरबल में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि एवं वरिष्ठ कवि शशि बिंदु यादव के नेतृत्व में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया तथा ग्रामीणों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित किया गया।

इस कार्यक्रम के दौरान शशि बिंदु यादव ने कहा कि आज पूरी दुनिया बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे समय में वृक्ष ही मानव जीवन, पर्यावरण संतुलन और पृथ्वी के अस्तित्व के सबसे बड़े संरक्षक हैं। उन्होंने कहा कि यदि हम आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, शुद्ध जल और सुरक्षित पर्यावरण देना चाहते हैं तो वृक्षारोपण को जन आंदोलन बनाना होगा।

उन्होंने लोगों से प्रधानमंत्री के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल अपने परिवार के सदस्य की तरह करनी चाहिए।

इस अवसर पर कवि शशि बिंदु यादव ने अपनी ओजपूर्ण कविता के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा—

“धीरे-धीरे पृथ्वी का ताप बढ़ने लगा,

पर्यावरण बिगड़ा है अब जान लीजिए।

पेड़ों को लगाया नहीं धरती पे अब भी,

खतरे की घंटी है खोल कान लीजिए।।”

उन्होंने आगे कहा कि पेड़ों की सेवा पुत्र से भी अधिक समर्पण के साथ करनी चाहिए, क्योंकि यही वृक्ष मानव जीवन को सुरक्षित और समृद्ध बनाते हैं।

ग्रामीण बोली में प्रस्तुत उनकी कविता ने उपस्थित लोगों को विशेष रूप से प्रभावित किया—

“बिरवा बाग लगाय-लगाय कै धरती क्यार सिंगारु कराओ,

जीवन का आधार हैं बिरवा सोचो आज जरूर लगाओ।

पर्यावरण संतुलन खातिर धरती पर हरियाली लाओ,

सारे काम छोड़ कर पौधा आज एक मां के नाम लगाओ।।”

कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा करने का वचन दिया। वृक्षारोपण के दौरान यह संदेश दिया गया कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें बड़ा होने तक संरक्षित रखना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और हरित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *