ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: महमूदाबाद क्षेत्र स्थित सेमरी कताई मिल्स परिसर में कथित रूप से मलबे की आड़ में बड़े पैमाने पर मिट्टी की बिक्री किए जाने के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई महीनों से यहां मलबा हटाने के नाम पर मिट्टी का खनन और परिवहन किया जा रहा है, जबकि वास्तविक मलबे की मात्रा बेहद कम दिखाई दे रही है।
क्षेत्रीय नागरिकों का आरोप है कि मिल परिसर से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से मिट्टी बाहर भेजी जा रही है। उनका कहना है कि यदि प्रशासन द्वारा इसकी निष्पक्ष जांच कराई जाए तो पूरे मामले की वास्तविकता सामने आ सकती है।
स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि सड़क किनारे खुलेआम मिट्टी से भरी जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के कारण उड़ने वाली धूल से राहगीरों, दुकानदारों और आसपास रहने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। धूल के कारण लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने के साथ-साथ सड़क पर दृश्यता प्रभावित होने से दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
नागरिकों का कहना है कि संबंधित विभागों को इस मामले का संज्ञान लेकर यह स्पष्ट करना चाहिए कि सेमरी कताई मिल्स परिसर से वास्तव में मलबे का निस्तारण किया जा रहा है या फिर मिट्टी की बिक्री की जा रही है। साथ ही, परिवहन कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
फिलहाल, स्थानीय लोगों की मांग है कि प्रशासन पूरे प्रकरण की जांच कराए और यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
