ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: महमूदाबाद में ज्योतिर्मठ एवं द्वारका शारदा पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती मंगलवार शाम अपनी 81 दिवसीय गविष्ठ (गो-रक्षार्थ–धर्मयुद्ध) यात्रा के तहत महमूदाबाद पहुंचे। रामा कृष्णा मैरिज लॉन में आयोजित स्वागत समारोह में जिले समेत आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में संत-महात्मा, गौभक्त, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल “गौमाता राष्ट्रमाता हो”, “जय गौ माता” और “भारत माता की जय” के नारों से गूंज उठा।
शंकराचार्य के आगमन से पूर्व क्षेत्र में हुई तेज बारिश भी श्रद्धालुओं के उत्साह को कम नहीं कर सकी। बड़ी संख्या में लोग घंटों तक कार्यक्रम स्थल पर उनका इंतजार करते रहे। उनके पहुंचते ही पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और जयघोष के साथ भव्य स्वागत किया गया। महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार आरती उतारकर उनका अभिनंदन किया। समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक नरेंद्र सिंह वर्मा सहित कई गणमान्य लोगों ने भी माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन-अर्चन के बाद विशाल जनसभा का आयोजन हुआ।
जनसभा को संबोधित करते हुए शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि 81 दिवसीय गविष्ठ यात्रा देशभर में गौ संरक्षण को लेकर जनजागरण अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने, देशभर में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लागू कराने तथा समाज में गौ संरक्षण के प्रति व्यापक जागरूकता पैदा करना है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में गाय को मातृस्वरूप माना गया है। इसलिए गौ संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय दायित्व से भी जुड़ा हुआ है।
अपने संबोधन के दौरान शंकराचार्य ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा, “केंद्र में 12 वर्ष और उत्तर प्रदेश में 9 वर्ष से सरकारें हैं। यदि सरकारें स्वयं को हिंदू हितैषी बताती हैं, तो अब तक गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा क्यों नहीं दिया गया? यदि आप वास्तव में हिंदू हैं तो 40 दिनों के भीतर गाय को राष्ट्रमाता घोषित करके दिखाइए।”
उन्होंने कहा कि केवल नारों और भाषणों से गौ संरक्षण संभव नहीं है। इसके लिए प्रभावी कानून, सख्त प्रशासनिक व्यवस्था और समाज की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने सभी सनातन धर्मावलंबियों से गौ सेवा, गौ संरक्षण और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि गविष्ठ यात्रा का संदेश देश के गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा, ताकि गौ संरक्षण जनआंदोलन का रूप ले सके।
कार्यक्रम में महमूदाबाद पूर्व विधायक एवं मंत्री नरेंद्र सिंह वर्मा ,अजय द्विवेदी, नवनीत शुक्ला, ऋषिराज सिंह, हर्षित सोनी, शरद मिश्रा, प्रवीण यादव, पुष्कर शुक्ला सहित बड़ी संख्या में संत, सामाजिक कार्यकर्ता, गौभक्त व नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के अन्य गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर गौ संरक्षण एवं राष्ट्रहित के संकल्प के साथ यात्रा की सफलता की कामना की गई।
