ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: पत्रकारिता और समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय रहने वाले पत्रकार अखिलेश कुमार विश्वकर्मा उर्फ “सूरज मिस्त्री” (बाबा रिपोर्टर) का शुक्रवार, 10 जुलाई 2026 को हृदयाघात (हार्ट अटैक) आने से आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पत्रकारिता जगत, सामाजिक संगठनों और क्षेत्र के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।
सूरज मिस्त्री अपनी निर्भीक पत्रकारिता के साथ-साथ समाजसेवा के कार्यों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेते थे। जरूरतमंदों की सहायता करना, सामाजिक समस्याओं को प्रमुखता से उठाना और जनहित के मुद्दों को प्रशासन तक पहुंचाना उनकी पहचान थी। अपने सरल, मिलनसार और सहयोगी स्वभाव के कारण वे आम लोगों के बीच “बाबा रिपोर्टर” के नाम से विशेष रूप से जाने जाते थे।
उनके आकस्मिक निधन से पत्रकारिता जगत और समाज ने एक ऐसे साथी को खो दिया है, जिसने हमेशा समाज के हित में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई।
उनके निधन पर अनेक पत्रकारों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
सूरज बाबा की समाजसेवा, जनहित के प्रति समर्पण और पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा।
