ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: जनपद के रेउसा थाना क्षेत्र में चार दिन से लापता 13 वर्षीय मूक-बधिर किशोर का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के पास गन्ने के खेत में मानव अवशेष पड़े देख पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव के अवशेष कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के अचकापुरवा छरेहटी मजरा रमुआपुर कालिका सिंह निवासी सुरजलाल का 13 वर्षीय पुत्र राहुल, जो मूक-बधिर था, बीते 4 जुलाई की सुबह अचानक घर से लापता हो गया था।
काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने रेउसा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
बुधवार सुबह गांव के निकट स्थित गन्ने के खेत में ग्रामीणों की नजर मानव अवशेषों पर पड़ी।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान अवशेषों की पहचान लापता किशोर राहुल के रूप में की। बताया जा रहा है कि शव के कुछ हिस्से अलग-अलग स्थानों पर खेतों में बिखरे मिले, जिससे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल बन गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि किशोर की मौत के बाद शव को सियार, भेड़िए अथवा आवारा कुत्तों ने नोच दिया होगा।
हालांकि किशोर की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष हनुमंत तिवारी ने बताया कि किशोर की गुमशुदगी पहले से दर्ज थी। बरामद शव के अवशेष पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना के बाद गांव में शोक व्याप्त है, जबकि मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
