ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: महमूदाबाद क्षेत्र में खाद वितरण में लागू ई-टोकन व्यवस्था को लेकर किसानों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। किसानों के हित में राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ने इस व्यवस्था को समाप्त कर फार्मर रजिस्ट्री एवं आधार सत्यापन के आधार पर खाद उपलब्ध कराने की मांग उठाई है।
संगठन के जिला प्रभारी राम अधार वर्मा ने जिलाधिकारी के माध्यम से उपजिलाधिकारी महमूदाबाद को ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
राम अधार वर्मा ने कहा कि सरकार की मंशा समाज के अंतिम व्यक्ति और किसान तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की है, लेकिन सीतापुर में लागू ई-टोकन व्यवस्था के चलते किसानों को खाद प्राप्त करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इंटरनेट आधारित प्रक्रिया, टोकन और अन्य तकनीकी औपचारिकताओं के कारण विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के किसान खाद के लिए परेशान हो रहे हैं।
ज्ञापन में संगठन ने सवाल उठाया कि यदि ई-टोकन व्यवस्था वास्तव में सरल, पारदर्शी और किसान हितैषी है तो इसे मुख्यमंत्री के गृह जनपद गोरखपुर, प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी और कृषि मंत्री के गृह जनपद देवरिया में भी लागू किया जाना चाहिए।
संगठन का आरोप है कि सीतापुर के किसानों को इस व्यवस्था में प्रयोग के तौर पर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों को पुरानी व्यवस्था से खाद उपलब्ध कराने की मांग : संगठन ने मांग की है कि जब तक अन्य जनपदों में ई-टोकन व्यवस्था का सफल परीक्षण नहीं हो जाता, तब तक सीतापुर में फार्मर रजिस्ट्री और आधार सत्यापन के आधार पर किसानों को खाद उपलब्ध कराई जाए। संगठन का कहना है कि इससे किसानों को अनावश्यक ऑनलाइन प्रक्रिया और टोकन के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा तथा समय से खाद मिलने में भी सहूलियत होगी।
इसके साथ ही संगठन ने उन समितियों की व्यवस्था में सुधार की मांग की है, जहां एक ही सचिव के पास कई समितियों का अतिरिक्त प्रभार है। संगठन का कहना है कि ऐसे सचिवों से केवल एक समिति का कार्य लिया जाए, जबकि सचिव विहीन समितियों में अन्य ब्लॉक अथवा तहसील स्तर के कर्मचारियों की तैनाती कर खाद वितरण की व्यवस्था सुचारु की जाए।
30 जुलाई से तहसील परिसर में धरने की चेतावनी : राम अधार वर्मा ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की खाद संबंधी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन 30 जुलाई 2026 से तहसील परिसर महमूदाबाद में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेगा। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसानों की समस्याओं का समाधान होने तक जारी रहेगा।
संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि किसानों को खाद के लिए बार-बार परेशान न होना पड़े, वितरण व्यवस्था को सरल बनाया जाए और समितियों पर पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती कर समय से एवं पारदर्शी तरीके से खाद उपलब्ध कराई जाए। संगठन ने आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति के लिए शासन-प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है।
