ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: महमूदाबाद नगर में स्थित महमूदाबाद उपजिलाधिकारी आवास, क्षेत्राधिकारी आवास एवं पूर्व कार्यवाहक मुख्यमंत्री आवास को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग लंबे समय से बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो जाने के कारण राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिम्मेदार विभाग की अनदेखी के चलते सड़क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह मार्ग प्रशासनिक अधिकारियों के आवासों के साथ-साथ आम लोगों के आवागमन के लिए भी महत्वपूर्ण है। इसके बावजूद लंबे समय से सड़क की मरम्मत न होने के कारण जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। बारिश होने पर इन गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे सड़क पर बने गड्ढों का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है और दोपहिया वाहन चालकों के साथ दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
राहगीरों का कहना है कि सड़क की जर्जर हालत के कारण आए दिन लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। खासकर बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है। मार्ग पर जलभराव और गड्ढों के चलते पैदल चलने वालों तथा वाहन चालकों को काफी सावधानी बरतनी पड़ती है।
क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग एवं प्रशासनिक अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेते हुए सड़क का स्थलीय निरीक्षण कराने तथा जल्द से जल्द मरम्मत एवं आवश्यकतानुसार पुनर्निर्माण कराए जाने की मांग की।
लोगों का कहना है कि महत्वपूर्ण मार्ग होने के बावजूद इसकी अनदेखी किया जाना चिंता का विषय है। उन्होंने जनहित में सड़क को जल्द दुरुस्त कराकर सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित कराने की मांग की है।
