बालिका इंटर कॉलेज में छात्राओं को वितरित किए गए समाचार-पत्र, डॉ. अम्मार रिज़वी ने बताया ज्ञान और जागरूकता का सशक्त माध्यम

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: महमूदाबाद में उत्तर प्रदेश सरकार की समाचार-पत्र वितरण योजना के अंतर्गत शुक्रवार को नगर स्थित बालिका इंटर कॉलेज, महमूदाबाद में छात्राओं को समाचार-पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के पूर्व कार्यवाहक मुख्यमंत्री डॉ. अम्मार रिज़वी ने छात्राओं को अपने कर-कमलों से समाचार-पत्र प्रदान किए तथा उन्हें नियमित रूप से समाचार-पत्र पढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर डॉ. अम्मार रिज़वी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की यह योजना विद्यार्थियों में अध्ययन की रुचि विकसित करने, समसामयिक घटनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा ज्ञान का दायरा विस्तृत करने की दिशा में एक सराहनीय और दूरदर्शी पहल है। उन्होंने कहा कि समाचार-पत्र केवल दैनिक घटनाओं की जानकारी देने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, तार्किक सोच और सामाजिक समझ को सुदृढ़ बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे प्रतिदिन समाचार-पत्र पढ़ने की आदत विकसित करें। इससे उनका सामान्य ज्ञान बढ़ेगा, भाषा पर पकड़ मजबूत होगी, अभिव्यक्ति क्षमता में सुधार आएगा तथा देश-विदेश की राजनीतिक, सामाजिक, आर्थिक, वैज्ञानिक, शैक्षिक और खेल जगत की महत्वपूर्ण गतिविधियों की जानकारी समय-समय पर मिलती रहेगी।

डॉ. रिज़वी ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में समसामयिक घटनाओं की जानकारी प्रत्येक विद्यार्थी के लिए अत्यंत आवश्यक है। प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने के लिए सामान्य अध्ययन और करंट अफेयर्स की अच्छी समझ होना जरूरी है। ऐसे में सरकार की यह योजना विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
विद्यालय परिवार ने मुख्य अतिथि डॉ. अम्मार रिज़वी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा उत्तर प्रदेश सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना की सराहना की।

विद्यालय की प्राचार्या एवं शिक्षकों ने कहा कि समाचार-पत्रों की नियमित उपलब्धता से छात्राओं में पढ़ने की संस्कृति विकसित होगी और उनके बौद्धिक एवं शैक्षिक विकास को नई दिशा मिलेगी। छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक समाचार-पत्र प्राप्त किए और इस पहल के लिए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में प्राचार्या पूनम मौर्या, शिक्षिका आशा, वसुंधरा कनौजिया, मौलाना आज़ाद इंस्टीट्यूट के कार्यालय अधीक्षक राजेश कुमार सिंह, डॉ. प्रदीप कुमार, इरफ़ान मंसूरी, प्रमोद तिवारी सहित विद्यालय की समस्त शिक्षिकाएं, गैर-शिक्षण कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *