ब्यूरो रिपोर्ट,लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत राशन लेने आने वाले कार्डधारकों के सम्मान और सुविधा को ध्यान में रखते हुए नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। अब राशन वितरण के दौरान उचित दर की दुकानों (कोटेदारों) पर आने वाले लाभार्थियों के लिए बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल तथा गुड़-पेठा जैसी जलपान की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
नई व्यवस्था के तहत राशन वितरण के दिनों में कोटेदारों को यह सुनिश्चित करना होगा कि कार्डधारकों को धूप, गर्मी या बारिश में असुविधा न हो। इसके लिए दुकान पर बैठने की उचित व्यवस्था की जाएगी और पीने के लिए साफ पानी उपलब्ध रहेगा। साथ ही आने वाले लाभार्थियों का स्वागत गुड़-पेठा देकर किया जाएगा।
इन व्यवस्थाओं के संचालन के लिए खाद्य एवं रसद विभाग की ओर से कोटेदारों को निर्धारित राशि उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि अतिरिक्त खर्च का भार उन पर न पड़े और सभी लाभार्थियों को समान रूप से बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
सरकार का उद्देश्य राशन वितरण व्यवस्था को अधिक सम्मानजनक, पारदर्शी और नागरिक हितैषी बनाना है। इससे विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग कार्डधारकों को राहत मिलेगी तथा राशन वितरण केंद्रों पर बेहतर वातावरण तैयार होगा।
खाद्य एवं रसद विभाग के आधिकारिक X (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर साझा की गई जानकारी के अनुसार, राशन वितरण के दौरान कार्डधारकों के सम्मान और सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए यह व्यवस्था लागू की जा रही है। विभाग ने बताया है कि राशन लेने आने वाले सभी लाभार्थियों के लिए बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल और गुड़-पेठा उपलब्ध कराया जाएगा तथा इस व्यवस्था के लिए कोटेदारों को निर्धारित राशि भी प्रदान की जाएगी।
खाद्य विभाग का मानना है कि इस पहल से लाभार्थियों का अनुभव बेहतर होगा और सार्वजनिक वितरण प्रणाली के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत होगा। विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कोटेदारों को नई व्यवस्था का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
