प्रेम प्रसंग से नाराज भाई पर बहन की गला रेतकर हत्या का किए जाने का आरोप, जांच पड़ताल करने में जुटी पुलिस

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: थाना रामपुर मथुरा क्षेत्र के ग्राम बजेहरा में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। गांव की एक युवती की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतका की मां ने अपने ही बेटे कोमल पर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही थाना रामपुर मथुरा पुलिस, फॉरेंसिक टीम तथा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका अपने सात सदस्यीय परिवार की सबसे छोटी बेटी थी। परिवार में पिता राजाराम, तीन भाई—श्रवण, लवकुश और कोमल—तथा दो बहनें हैं, जिनमें एक बहन का विवाह हो चुका है। परिजनों का कहना है कि युवती का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर उसके भाई कोमल ने धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल व्याप्त हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। मृतका के पिता राजाराम से पूछताछ कर घटना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई गई। वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी। घर के बाहर स्थित गन्ने के खेत सहित आसपास के क्षेत्रों में भी तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन आरोपी का देर शाम तक कोई सुराग नहीं मिल सका।

फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य संकलित किए हैं, जिनके आधार पर मामले की वैज्ञानिक जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कराया गया है तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए हैं। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं और शीघ्र ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *