ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर : कोतवाली महमूदाबाद क्षेत्र के ग्राम शेखवापुर में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बाहर स्थित एक आम के बाग में एक युवक का शव पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान पंकज कुमार (37 वर्ष) पुत्र बाल कुमार, निवासी ग्राम शेखवापुर के रूप में हुई। परिजनों के मुताबिक पंकज तीन दिन पहले ही गाजियाबाद से अपने घर वापस आया था। घटना के समय वह घर पर अकेला था, जबकि परिवार के अन्य सदस्य किसी कार्य से लखनऊ गए हुए थे।
शव मिलने की सूचना पर कोतवाली प्रभारी भानु प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद फोरेंसिक टीम को बुलाकर मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र कराए गए। मौके पर ऊँच गांव चौकी प्रभारी वेदप्रकाश शर्मा, हेड कांस्टेबल रामस्वरूप यादव, रवि कुमार, अभिषेक तिवारी, अमित अहिरवार सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका है। पुलिस मामले की हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के निष्कर्ष प्राप्त होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
