ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: महमूदाबाद नगर में स्थित श्री 1008 शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में शुक्रवार को श्री 108 विराग सागर जी मुनिराज की परम शिष्या आर्यिका श्री 105 विविक्त श्री माताजी ससंघ का मंगल चतुर्मास श्रद्धा, भक्ति एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ शुभारंभ हुआ। इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त किया।
चतुर्मास स्थापना एवं कलश प्रतिष्ठा का आयोजन प्रतिष्ठाचार्य भैया आशीष पुण्यान्स तथा सुप्रसिद्ध संगीतकार लवकेश जैन (भोपाल) के सानिध्य में वैदिक एवं जैन परंपरानुसार संपन्न कराया गया। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण व्याप्त रहा और श्रद्धालुओं ने भक्ति-भाव से पूजन-अर्चन कर आर्यिका संघ का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम में दरियाबाद, फतेहपुर, पेतेपुर, बेलहरा, बाराबंकी, रामपुर मथुरा, बिसवां, बड़ागांव तथा मध्य प्रदेश के भिंड सहित विभिन्न नगरों से बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालु शामिल हुए। सभी ने चतुर्मास की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए धर्म, संयम, अहिंसा एवं सदाचार के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। मंदिर परिसर जयकारों एवं भक्ति संगीत से गुंजायमान रहा। कार्यक्रम के सफल आयोजन में जैन समाज के पदाधिकारियों, महिला मंडल, युवा मंडल एवं सभी श्रद्धालुओं का सराहनीय सहयोग रहा। उपस्थित श्रद्धालुओं ने आर्यिका संघ के मंगल आशीर्वचनों से प्रेरणा लेकर आत्मकल्याण एवं आध्यात्मिक उन्नति का संदेश ग्रहण किया।
