ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: थाना हरगांव पुलिस ने शराब चोरी के विवाद में हुई युवक की हत्या का सफल खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ईंट का टुकड़ा (आलाकत्ल) तथा हरे रंग की प्लास्टिक की कोल्ड ड्रिंक की बोतल भी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आलोक सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सदर नेहा त्रिपाठी के नेतृत्व में थाना हरगांव पुलिस ने थाना क्षेत्र में दर्ज मुकदमा संख्या 305/2026 से संबंधित चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में बिन्द्रेश वर्मा पुत्र विश्वनाथ वर्मा निवासी ग्राम नकुरीखुर्द थाना हरगांव, संजय पासी पुत्र मालती प्रसाद निवासी ग्राम नकुरीखुर्द थाना हरगांव, शांति देवी पत्नी संजय निवासी ग्राम पीतपुर थाना हरगांव तथा अमित पुत्र राजकिशोर निवासी ग्राम चाऊपुर पड़री थाना खीरी, जनपद लखीमपुर खीरी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 29 जुलाई 2026 को शराब चोरी करने के विवाद को लेकर उनकी मृतक रुपनलाल पासी पुत्र स्वर्गीय नंदलाल निवासी ग्राम नकुरीखुर्द से कहासुनी हुई थी। इसके बाद आरोपियों ने योजना बनाकर रुपनलाल की तलाश की। आरोप है कि बिन्द्रेश वर्मा और संजय पासी ने ईंट से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद साक्ष्य मिटाने और शव को छिपाने की नीयत से शव पर शराब डालकर आग लगा दी गई।
थाना हरगांव पुलिस ने घटना की विवेचना और प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त ईंट का टुकड़ा तथा हरे रंग की प्लास्टिक की कोल्ड ड्रिंक की बोतल बरामद की गई।
आरोपियों को थाना हरगांव क्षेत्र के कोरैय्या नहर पुल के पास से गिरफ्तार किया गया। उनके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा एससी/एसटी अधिनियम के तहत दर्ज मुकदमे में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
