खाद वितरण में ई-टोकन व्यवस्था के विरोध में किसानों का अल्टीमेटम, अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन की दी चेतावनी

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: जनपद में खाद वितरण में लागू ई-टोकन व्यवस्था को लेकर किसानों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के जिला प्रभारी राम अधार वर्मा के नेतृत्व में किसानों ने जिलाधिकारी सीतापुर को संबोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी महमूदाबाद को सौंपकर व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की।

ज्ञापन में किसानों ने आरोप लगाया कि जनपद में लागू ई-टोकन व्यवस्था के कारण विशेष रूप से छोटे और गरीब किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है। उनका कहना है कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की मंशा अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की है, लेकिन वर्तमान व्यवस्था किसानों के लिए राहत के बजाय परेशानी का कारण बन गई है।

किसान संगठन ने मांग उठाई कि यदि ई-टोकन व्यवस्था वास्तव में पारदर्शी, सरल और किसान हितैषी है तो पहले इसे मुख्यमंत्री के गृह जनपद गोरखपुर, प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी तथा कृषि मंत्री के गृह जनपद देवरिया में प्रभावी ढंग से लागू कर इसकी सफलता का परीक्षण किया जाए। इसके बाद ही इसे अन्य जिलों में लागू किया जाए।

संगठन ने यह भी मांग की कि जब तक उक्त जनपदों में व्यवस्था का सफल परीक्षण नहीं हो जाता, तब तक सीतापुर में किसानों को फार्मर रजिस्ट्री एवं आधार कार्ड के आधार पर खाद उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसी भी किसान को आवश्यक खाद के लिए परेशान न होना पड़े।

ज्ञापन में सहकारी समितियों की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए गए। किसानों ने मांग की कि जिन सचिवों के पास कई समितियों का अतिरिक्त प्रभार है, उन्हें केवल एक समिति का दायित्व सौंपा जाए। वहीं, सचिवविहीन समितियों में अन्य ब्लॉक अथवा तहसील के कर्मचारियों की तैनाती कर खाद वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए।

राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ने प्रशासन से किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो 16 अगस्त 2026 से तहसील परिसर महमूदाबाद में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन एवं आंदोलन शुरू किया जाएगा। संगठन ने कहा कि आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *