तहसील संपूर्ण समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 68 शिकायतें दर्ज, 8 प्रार्थना पत्रों का मौके पर हुआ निस्तारण

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर:  तहसील महमूदाबाद में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न समस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जोशी ने की। इस दौरान अधिकारियों ने लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को उनके शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 68 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए।

इनमें राजस्व विभाग के 40, विकास विभाग के 13, पुलिस विभाग के 9, नगर पालिका परिषद के 5 तथा कृषि विभाग का 1 प्रार्थना पत्र शामिल रहा। प्राप्त शिकायतों में से 8 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष 60 शिकायतों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया।

मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जोशी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी अभिषेक प्रियदर्शी, तहसीलदार उमा शंकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *