फार्मर रजिस्ट्री व ई-टोकन व्यवस्था खत्म करने की मांग, किसानों की समस्याओं को लेकर उपजिलाधिकारी को सौंपा गया ज्ञापन

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर : महमूदाबाद में किसानों को खाद वितरण में हो रही समस्याओं को लेकर पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि नगर पालिका परिषद महमूदाबाद अम्बरीश गुप्ता ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के नाम उपजिलाधिकारी महमूदाबाद के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण मांगें उठाते हुए फार्मर रजिस्ट्री एवं ई-टोकन (बुकिंग) व्यवस्था को तत्काल समाप्त करने की मांग की गई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि किसानों की खतौनी में अंश निर्धारण की प्रक्रिया अभी तक पूरी नहीं हो सकी है। ऐसे में जब तक यह प्रक्रिया पूर्ण न हो जाए, तब तक फार्मर रजिस्ट्री के आधार पर खाद वितरण बंद रखा जाए।
उन्होंने कहा कि सीतापुर जनपद के अधिकांश किसान निरक्षर हैं। ऐसी स्थिति में ऑनलाइन बुकिंग एवं ई-टोकन व्यवस्था किसानों के लिए व्यवहारिक नहीं है, इसलिए इसे तत्काल समाप्त किया जाना चाहिए।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि अधिकांश किसानों के पास स्मार्टफोन उपलब्ध नहीं है। वहीं महंगे मोबाइल रिचार्ज के कारण भी किसान इस व्यवस्था का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। ऐसे में वर्तमान प्रणाली किसानों के लिए परेशानी का कारण बन रही है।
अम्बरीश गुप्ता ने आरोप लगाया कि मौजूदा व्यवस्था में विभिन्न फसलों के अनुसार खाद की आवश्यकता का सही निर्धारण नहीं किया गया है। साथ ही खाद विक्रेताओं की दुकानों के नाम और पते भी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित नहीं किए गए हैं, जिससे किसान अपनी सुविधा के अनुसार दुकान का चयन नहीं कर पा रहे हैं।
ज्ञापन में मांग की गई है कि कम जोत वाले किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार फुटकर खाद उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें समय पर खेती के लिए उर्वरक मिल सके।
इसके अलावा लघु किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रत्येक पात्र किसान को एक-एक भैंस निःशुल्क उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है। उनका कहना है कि इससे दुग्ध उत्पादन बढ़ेगा, किसानों की आय में वृद्धि होगी, ग्रामीण पलायन रुकेगा तथा गोबर से जैविक खाद का उत्पादन भी किया जा सकेगा।
ज्ञापन के माध्यम से किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करते हुए किसान हित में आवश्यक निर्णय लेने की मांग की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *