अनूज त्रिवेदी प्रकरण पर पहली बार बोले भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी, कहा— जांच में दोषी पाए जाने पर मिले कड़ी से कड़ी सजा

ब्यूरो रिपोर्ट, लखनऊ: महाराष्ट्र समेत विभिन्न राज्यों में महिलाओं से कथित रूप से शादी कर ठगी करने के आरोपों में गिरफ्तार अनूज त्रिवेदी का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इस बीच सेवता विधानसभा से भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी ने पहली बार सोशल मीडिया पर लाइव आकर पूरे घटनाक्रम पर अपनी चुप्पी तोड़ी। उनके साथ उनकी पुत्री डॉ. प्रज्ञा तिवारी भी मौजूद रहीं।

लाइव प्रसारण के दौरान विधायक ज्ञान तिवारी ने कहा कि इस विषय पर वह किसी राजनीतिक व्यक्ति के रूप में नहीं, बल्कि एक दुखी और पीड़ित पिता के रूप में अपनी बात रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि जांच में अनूज त्रिवेदी के खिलाफ लगे आरोप प्रमाणित होते हैं तो उसे कानून के तहत सबसे कठोर दंड मिलना चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी बेटी अब हमेशा अपने मायके में ही रहेगी।

ज्ञान तिवारी ने बताया कि वर्ष 2024 में उन्होंने अपनी बेटी डॉ. प्रज्ञा तिवारी का विवाह मिश्रिख निवासी प्रखर त्रिवेदी के साथ पूरे सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार कराया था। प्रखर, अनूज त्रिवेदी का पुत्र है। विधायक के अनुसार विवाह के समय उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि उनके समधी पर अलग-अलग राज्यों में महिलाओं से कथित धोखाधड़ी, फर्जी पहचान अपनाने और कई शादियां करने जैसे गंभीर आरोप लगे हुए हैं।

उन्होंने कहा कि जब एक-एक कर अनूज त्रिवेदी से जुड़े मामले सामने आने लगे तो पूरा परिवार हैरान रह गया। उन्हें लगा कि केवल उनकी बेटी ही नहीं, बल्कि उनका पूरा परिवार विश्वासघात का शिकार हुआ है।

जांच निष्पक्ष हो, किसी को न मिले संरक्षण : विधायक ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति अलग-अलग पहचान बनाकर महिलाओं के साथ धोखाधड़ी करता है तो यह अत्यंत गंभीर अपराध है। जांच एजेंसियां यदि आरोपों की पुष्टि करती हैं तो आरोपी को कानून के अनुसार कठोरतम सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी दोषी को बचाने की कोशिश नहीं होनी चाहिए।

ज्ञान तिवारी ने यह भी कहा कि यदि जांच के दौरान उनके दामाद प्रखर त्रिवेदी की किसी भी प्रकार की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी बिना किसी दबाव के निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। कानून सभी के लिए समान है और किसी के साथ पक्षपात नहीं होना चाहिए।

बेटी का भविष्य सुरक्षित करना पहली प्राथमिकता : भावुक होते हुए विधायक ने कहा कि उनकी बेटी एक शिक्षित डॉक्टर है और अब वह अपने मायके में ही रहेगी। परिवार ने अनूज त्रिवेदी और उसके परिवार से सभी रिश्ते समाप्त करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि जिस परिवार पर भरोसा कर उन्होंने अपनी बेटी का विवाह किया, उसी परिवार से इतना बड़ा धोखा मिलने की उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी। अब उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी बेटी को न्याय दिलाना और उसका भविष्य सुरक्षित करना है।

कई राज्यों में दर्ज हैं मुकदमे : अनूज त्रिवेदी के खिलाफ महाराष्ट्र, प्रयागराज सहित कई राज्यों में महिलाओं से कथित तौर पर शादी कर ठगी करने, फर्जी पहचान अपनाने और अन्य आरोपों में मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। कई महिलाएं भी सामने आकर शिकायत दर्ज करा चुकी हैं। गिरफ्तारी के बाद यह मामला और अधिक चर्चा में आ गया है।

अंत में विधायक ज्ञान तिवारी ने कहा कि उनका परिवार जांच एजेंसियों को हर संभव सहयोग देगा। उन्हें विश्वास है कि निष्पक्ष जांच के बाद जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह केवल उनके परिवार का मामला नहीं, बल्कि उन सभी महिलाओं के न्याय का प्रश्न है, जो कथित रूप से इस तरह की धोखाधड़ी का शिकार हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *