चेयरमैन आमिर अरफात का एक वर्ष का कार्यकाल पूरा, लड्डुओं से तौलकर मनाया जश्न,निकली भव्य तिरंगा यात्रा

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: महमूदाबाद में नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष/ चेयरमैन आमिर अरफात के कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने पर नगर पालिका सभासदों एवं समर्थकों की ओर से कार्यक्रम आयोजित कर उनका स्वागत किया गया। इस दौरान अध्यक्ष आमिर अरफात को लड्डुओं से तौलकर एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने की खुशी मनाई गई।

कार्यक्रम के दौरान सभासदों एवं अन्य लोगों ने अध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए नगर के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की अपेक्षा जताई। अध्यक्ष ने भी सभी का आभार व्यक्त करते हुए नगर के विकास और नागरिकों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य करने की बात कही।

इसके बाद नगर पालिका परिषद महमूदाबाद की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा में नगर पालिका अध्यक्ष आमिर अरफात के साथ नगर पालिका के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य लोग शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ नागरिकों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशप्रेम का संदेश दिया।

तिरंगा यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। पूरे मार्ग पर देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका के सभासद, अधिकारी एवं कर्मचारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। आयोजन के माध्यम से एक ओर जहां अध्यक्ष के एक वर्ष के कार्यकाल की खुशी मनाई गई, वहीं स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश भी दिया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *