ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आईबीपी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन की महिला विंग का स्थापना दिवस देशभक्ति और नारी शक्ति के संदेश के साथ उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनुज कुमार जैन एवं विशिष्ट अतिथि सत्य नारायण पोरवाल रहे। इस दौरान सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले समाजसेवियों एवं अतिथियों को सम्मानित किया गया। श्री कृष्ण पोरवाल, अमित पोरवाल, आदित्य वर्मा, डॉ. राकेश बंसवार, इरफान मंसूरी सहित समाजसेवी एवं पत्रकार मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि अनुज कुमार जैन ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के प्रति अपने कर्तव्यों की याद दिलाता है। स्वतंत्रता संग्राम में महिलाओं ने भी साहस और त्याग की मिसाल कायम की। आज महिलाएं शिक्षा, राजनीति, सामाजिक सेवा और प्रशासन सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा साबित कर रही हैं। महिला सशक्तिकरण के लिए उन्हें समान अवसर और सम्मान देना समाज की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर महिला विंग की राष्ट्रीय महासचिव अंजू सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष लेखा गुप्ता, प्रदेश सचिव राखी शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष अंजली मौर्या, जिला सचिव अंजना कौर सहित ममता पोरवाल, मीना पोरवाल, रीता, सरिता, कल्पना वर्मा एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में देश की एकता, अखंडता और महिला सशक्तिकरण के लिए कार्य करने का संकल्प लेते हुए “जय हिंद, जय भारत” के उद्घोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
