सेठ रामगुलाम पटेल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर : महमूदाबाद में सेठ रामगुलाम पटेल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के तीनों संस्थानों—सेठ रामगुलाम पटेल इंटर कॉलेज, सेठ रामगुलाम डिग्री कॉलेज एवं सेठ रामगुलाम मुनेश्वर प्रसाद आईटीआई, महमूदाबाद में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। परिसर में तिरंगा फहराते ही पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति के नारों और देशभक्ति की भावना से गूंज उठा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तहसील महमूदाबाद के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (डीएसपी) वेद प्रकाश श्रीवास्तव, पत्रकार संघ के अध्यक्ष अनुज कुमार जैन एवं ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के डायरेक्टर इंजी. क्षितिज चंद्रा ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात मां सरस्वती, मां भारती, सरदार वल्लभभाई पटेल, लाल बहादुर शास्त्री, बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमाओं पर दीप प्रज्वलित कर पुष्पार्चन किया गया। एनसीसी कैडेट्स ने अनुशासित एवं आकर्षक परेड प्रस्तुत कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।

मुख्य अतिथि डीएसपी वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के उन वीर सपूतों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है, जिनके अथक प्रयासों से देश को आजादी मिली। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन करते हुए विद्यार्थियों से राष्ट्रहित में अपनी शिक्षा, प्रतिभा और क्षमता का सदुपयोग करने का आह्वान किया।

पत्रकार संघ के अध्यक्ष अनुज कुमार जैन ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस महज एक पर्व या तारीख नहीं, बल्कि देश के संघर्ष, त्याग और बलिदान की गौरवगाथा है। भगत सिंह, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, चंद्रशेखर आजाद, रानी लक्ष्मीबाई सहित असंख्य वीर क्रांतिकारियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर देश की आजादी का मार्ग प्रशस्त किया। आज की पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश के विकास में योगदान देना चाहिए।

ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के डायरेक्टर इंजी. क्षितिज चंद्रा ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हमारे पूर्वजों ने अपने संघर्ष और बलिदान से देश को स्वतंत्र कराया। अब नई पीढ़ी की जिम्मेदारी है कि वह शिक्षा, मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा के बल पर भारत को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाए। उन्होंने विद्यार्थियों से देश को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए अपना योगदान देने का आह्वान किया।

समारोह में सेठ रामगुलाम पटेल इंटर कॉलेज के सीनियर सुपरवाइजर आर.बी. गुप्ता, प्रधानाचार्य सुधीर कुमार, एनसीसी एसोसिएट ऑफिसर दुर्गेश कुमार, कोऑर्डिनेटर उमेश कुमार सहित सेठ रामगुलाम मुनेश्वर प्रसाद आईटीआई एवं सेठ रामगुलाम डिग्री कॉलेज के प्रभारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों में देशभक्ति एवं उत्साह का माहौल बना रहा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *