स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में महमूदाबाद में गूंजी एंबुलेंस की सायरन, 102 व 108 सेवा के प्रति लोगों को किया जागरूक

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: महमूदाबाद में  स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को महमूदाबाद में 102 और 108 एंबुलेंस सेवाओं के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। एंबुलेंस के सायरन के साथ निकली जागरूकता रैली ने कस्बे के लोगों का ध्यान आकर्षित किया और आपातकालीन परिस्थितियों में तत्काल एंबुलेंस सेवा लेने का संदेश दिया।

अभियान की शुरुआत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) महमूदाबाद परिसर से हुई। पीएम अभिषेक मित्रा के नेतृत्व में एंबुलेंस कर्मियों का उत्साहवर्धन किया गया और उन्हें मिठाई खिलाकर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। इसके बाद 102 और 108 एंबुलेंस के काफिले के साथ नगर के प्रमुख मार्गों पर जागरूकता रैली निकाली गई।

रैली के दौरान एंबुलेंस कर्मियों ने लोगों को बताया कि सड़क दुर्घटना, प्रसव, गंभीर बीमारी अथवा किसी अन्य आकस्मिक स्थिति में समय गंवाए बिना 102 या 108 एंबुलेंस सेवा की मदद ली जा सकती है। उन्होंने अपील की कि आपातकाल के समय घबराने के बजाय तत्काल सूचना दें, जिससे एंबुलेंस समय पर मौके पर पहुंच सके और मरीज को शीघ्र अस्पताल पहुंचाकर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

रैली में पायलट कुलदीप कुमार, गौरव कुमार, सरोज कुमार और अजय कुमार के साथ ईएमटी विनीत कुमार, नवनीत, अभिषेक कुमार और अरविंद सहित अन्य एंबुलेंस कर्मी मौजूद रहे। एंबुलेंस के काफिले और सायरन को देखकर कस्बे में लोगों में उत्सुकता भी देखने को मिली।

अभियान के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि आपात स्थिति में समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। सही समय पर की गई एक फोन कॉल किसी जरूरतमंद मरीज को समय पर इलाज दिलाने के साथ उसकी जान बचाने में भी अहम भूमिका निभा सकती है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *