ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: तहसील महमूदाबाद क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सीतापुर जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने शुकुल पुरवा गांव का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित इलाकों में जलस्तर और मौजूदा हालात का जायजा लेते हुए ग्रामीणों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से बाढ़ से उत्पन्न परेशानियों, राहत की उपलब्धता और आवश्यक सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित लोगों को किसी भी तरह की परेशानी न हो और जरूरत के अनुसार तत्काल राहत एवं सहायता उपलब्ध कराई जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए और प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य पूरी तत्परता से संचालित किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सामग्री और अन्य सुविधाएं समय से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
डीएम ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन उनकी सुरक्षा और सुविधा को लेकर पूरी तरह गंभीर है। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है और आवश्यकता के अनुसार सभी जरूरी व्यवस्थाएं की जाएंगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित क्षेत्रों में नियमित रूप से भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेते रहें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करें।
इस निरीक्षण के दौरान वहां पर महमूदाबाद उपजिलाधिकारी अभिषेक प्रियदर्शी ,तहसीलदार उमाशंकर , क्षेत्रीय लेखपाल सहित तहसील प्रशासन के संबंधित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
