ब्यूरो रिपोर्ट सीतापुर: जनपद के अलग अलग थाना क्षेत्रों में पर जनस्वास्थ्य की सुरक्षा को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी डॉक्टर राजा गणपति आर के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत कोतवाली शहर क्षेत्र, सदर तहसील और थाना महमूदाबाद क्षेत्र में संचालित आइसकैंडी व आइसक्रीम निर्माण इकाइयों से लिए गए नमूनों की प्रयोगशाला जांच में सिंथेटिक रंग की मात्रा निर्धारित मानक से अधिक पाई गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित नमूनों को अधोमानक एवं असुरक्षित घोषित करते हुए चार खाद्य कारोबारियों के खाद्य पंजीयन/लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर कारोबार बंद करा दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जिले में मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आइसकैंडी और आइसक्रीम निर्माण इकाइयों से नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए थे। जांच में सिंथेटिक रंग की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाए जाने पर विभाग ने संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की।
इन कारोबारियों पर हुई कार्रवाई :
विभाग की कार्रवाई की सूची में रामप्रसाद पुत्र तोताराम, निवासी गोडियान टोला, निषाद नगर, थाना कोतवाली, सीतापुर, संतोष कुमार पुत्र खन्नी लाल, निवासी ग्राम लखनीपुर (शिहारूखेड़ा), थाना महमूदाबाद सीतापुर, व राम विलास कश्यप पुत्र राम किशन, निवासी कमाल सराय, पोस्ट व थाना खैराबाद, सीतापुर तथा ठाकुर पुत्र दैलू, निवासी कमाल सराय, पोस्ट व थाना खैराबाद, सीतापुर नाम शामिल हैं।
इन कारोबारियों के यहां से लिए गए आइसकैंडी के नमूनों की जांच में मानकों का उल्लंघन पाए जाने के बाद विभाग ने उनके खाद्य पंजीयन प्रमाण-पत्र/लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए। साथ ही संबंधित कारोबार बंद करा दिया गया।
जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ पर सख्त कार्रवाई :
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि आम जनमानस के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले खाद्य कारोबारियों के खिलाफ प्रवर्तन की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। विभाग की ओर से मिलावटी, अधोमानक और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री एवं निर्माण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
खासकर गर्मी के मौसम में आइसकैंडी और आइसक्रीम की मांग बढ़ने के बीच सिंथेटिक रंगों का मानक से अधिक इस्तेमाल स्वास्थ्य के लिए गंभीर चिंता का विषय माना जा रहा है। विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में भी हड़कंप मचा हुआ है।
सहायक आयुक्त (खाद्य) अमित कुमार सिंह ने बताया कि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। मानकों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
