किसानों की जनसमस्याओं और अनियमितताओं को लेकर 10 सूत्रीय मांग पत्र महमूदाबाद उपजिलाधिकारी को सौंपा गया

ब्यूरो रिपोर्ट सीतापुर: महमूदाबाद क्षेत्र के भरथर गाँव में किसानों की विभिन्न जनसमस्याओं और क्षेत्र में कथित अनियमितताओं के निराकरण की मांग को लेकर आजाद भारतीय किसान यूनियन ने उप जिलाधिकारी महमूदाबाद को 10 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। संगठन ने किसानों की समस्याओं की जांच कर उनका शीघ्र निस्तारण कराने की मांग की है।

संगठन की ओर से दिए गए मांगपत्र में क्षेत्र की सभी गौशालाओं में हो रहे कथित भ्रष्टाचार की जांच कराने की मांग प्रमुखता से उठाई गई है। इसके अलावा ग्राम पंचायतों में अवैध कब्जों को हटाने की मांग की गई है। संगठन ने खलिहान, चकमार्ग, सड़क और तालाबों की जमीन पर हुए कब्जों को प्रशासन द्वारा खाली कराने तथा भरथर, बेहमा, पहाड़ापुर, देवकलिया और जमुनाडीह सहित अन्य ग्राम सभाओं की जांच कराने की मांग की है। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी की गई है।

किसानों की अन्य मांगों में सभी प्रकार के कर्ज माफ करने, किसानों के घरेलू बिजली बिल माफ करने और सभी ग्राम सभाओं में रोड लाइट की व्यवस्था कराने की मांग शामिल है। मांगपत्र में किसानों की खाद यूरिया की डीएपी के नाम पर हो रही कथित कालाबाजारी की जांच कराने की भी मांग की गई है।

संगठन ने ग्राम सभाओं के कोटेदारों द्वारा की जा रही घटतौली की जांच कराने की मांग की है। इसके लिए पहाड़ापुर, जमुनाडीह, चुनका और रसूलाबाद आदि गांवों का उल्लेख किया गया है। साथ ही बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा कथित अवैध वसूली की जांच, अघोषित विद्युत कटौती पर रोक तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण कराने की मांग की गई है।

मांगपत्र में ग्रामसभा भरथर की खराब सड़कों, ऊबड़-खाबड़ रास्तों और जलभराव की समस्या का भी उल्लेख किया गया है। संगठन ने कहा कि इन समस्याओं के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इसके अलावा ग्राम प्रधानों द्वारा कराए गए विकास कार्यों की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराने तथा मनरेगा के तहत कराए गए कार्यों की भी जांच की मांग की गई है। मांगपत्र में नाली, खड़ंजा, इंटरलॉकिंग, चकमार्ग, अमृत वाटिका और तालाबों से संबंधित कार्यों की जांच कराने की बात कही गई है।

आजाद भारतीय किसान यूनियन ने प्रशासन से सभी 10 बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कराकर किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *