रसोइयों का बढ़ा मानदेय, दुर्घटना बीमा और कैशलेस इलाज की मिली सौगात ,रसोइयों में शासन की नई घोषणाओं पर खुशी

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: महमूदाबाद तहसील सभागार में रविवार को पीएम पोषण योजना के अंतर्गत रसोइया सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विधायक आशा मौर्या रहीं। इस दौरान रसोइयों के योगदान की सराहना करते हुए शासन की ओर से उनके हित में की गई नई घोषणाओं और सुविधाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम प्रभारी एवं खंड शिक्षा अधिकारी सतीश कुमार मिश्रा, नायब तहसीलदार राज बहादुर, शिक्षक संघ अध्यक्ष संदीप वर्मा, महामंत्री पुनीत वर्मा, एआरपी नरेंद्र सिंह यादव, राहुल बाल्मिक समेत बड़ी संख्या में रसोइया मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान गीता देवी, शांति देवी, वैजयंती देवी और अशोक कुमार को कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही मुख्यमंत्री के लाइव प्रसारण के माध्यम से रसोइयों के हित में चार महत्वपूर्ण योजनाओं का शुभारंभ किया गया।

नई व्यवस्था के तहत रसोइयों का मानदेय 2,000 रुपये से बढ़ाकर 3,000 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा के तहत 2 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा, 5 लाख रुपये वार्षिक तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा तथा परिधान के लिए मिलने वाली धनराशि 500 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये कर दी गई है।

मुख्य अतिथि विधायक आशा मौर्या ने कहा कि पीएम पोषण योजना को सफल बनाने में रसोइयों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। वे विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। सरकार द्वारा मानदेय में वृद्धि के साथ दुर्घटना बीमा और कैशलेस चिकित्सा जैसी सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने से रसोइयों को आर्थिक एवं सामाजिक मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम के अंत में रसोइयों ने शासन की नई घोषणाओं पर खुशी जताते हुए इसे अपने हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *