राष्ट्रीय प्रशासनिक कार्यालय में मासिक बैठक, समस्या समाधान केंद्र में पीड़ित की सुनी समस्या, मानवाधिकारों की रक्षा पर चर्चा

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर :महमूदाबाद में विश्व मानव अधिकार कानून एवं अपराध नियंत्रण ट्रस्ट भारत के राष्ट्रीय प्रशासनिक कार्यालय, एम.एस.के.डी. पब्लिक स्कूल परिसर, मोहल्ला रमुवापुर, महमूदाबाद में पूर्व निर्धारित एजेंडे के तहत पदाधिकारियों की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक के साथ ही समस्या समाधान केंद्र का संचालन कर पीड़ित पक्ष की समस्याएं सुनी गईं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से वार्ता की गई।

बैठक का आयोजन संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्षा नीतू सिंह दिनकर एवं राष्ट्रीय संरक्षक एस.एस. दिनकर के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में किया गया। इस दौरान संगठन की गतिविधियों, पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों, मानवाधिकारों की रक्षा और पीड़ितों को सहायता उपलब्ध कराने समेत विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

पीड़ित की समस्या पर एसडीएम से की वार्ता : समस्या समाधान केंद्र में ग्राम डिकोली, ब्लॉक पहला, तहसील सिधौली निवासी शिव शंकर पुत्र अगनू ने अपनी समस्या पदाधिकारियों के समक्ष रखी। संगठन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला अध्यक्ष सीतापुर मुजीब अहमद के माध्यम से उप जिलाधिकारी सिधौली से वार्ता की। उप जिलाधिकारी ने प्रार्थना पत्र उपलब्ध कराए जाने के बाद मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया।

बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर होगी कार्रवाई : बैठक में संगठनात्मक अनुशासन को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। पदाधिकारियों एवं सदस्यों को निर्देशित किया गया कि वे निर्धारित बैठकों में नियमित रूप से उपस्थित रहें। बिना पूर्व सूचना बैठक से अनुपस्थित रहने वाले पदाधिकारी या सदस्य के विरुद्ध संगठनात्मक स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।

निर्णय लिया गया कि यदि कोई पदाधिकारी अथवा सदस्य अगली बैठक में भी बिना सूचना के अनुपस्थित रहता है तो उसे तत्काल प्रभाव से संगठन से निष्कासित किया जा सकता है। ऐसे पदाधिकारी या सदस्य को अपनी आईडी राष्ट्रीय प्रशासनिक कार्यालय में जमा करनी होगी। आईडी जमा नहीं करने की स्थिति में संबंधित व्यक्ति को संगठन की ओर से नोटिस जारी किया जा सकता है।

मौलिक अधिकारों के प्रति किया जागरूक : बैठक के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों को मौलिक अधिकारों और उनके संवैधानिक महत्व के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही मानवाधिकारों की रक्षा, पीड़ित एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता तथा संगठन के उद्देश्यों के अनुरूप जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।

बैठक में मंडल कार्यालय प्रभारी लखनऊ सुधीर कुमार वर्मा, जिला अध्यक्ष सीतापुर मुजीब अहमद, तहसील संयोजक महमूदाबाद शिवदास, ब्लॉक उपाध्यक्ष महमूदाबाद आदित्य कुमार वर्मा, सदस्य पप्पू, ब्लॉक सदस्य पहला पूनम एवं प्रियांशी सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

इस बैठक के अंत में संगठन की आगामी गतिविधियों, जन-जागरूकता कार्यक्रमों और पीड़ितों की समस्याओं के समाधान के लिए किए जाने वाले प्रयासों पर चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन मानवाधिकारों के प्रति लोगों को जागरूक करने और जरूरतमंदों को उचित सहायता उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *