ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: जनपद में श्रावण मास के दौरान शिवालयों और प्रमुख घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने थाना थानगांव क्षेत्र के चहलारी घाट तथा थाना बिसवां क्षेत्र के पत्थर शिवाला पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। घाट पर बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, पार्किंग, गोताखोरों की तैनाती और पुलिस बल समेत अन्य आवश्यक इंतजामों को परखा गया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रावण मास के दौरान घाट और शिवालयों पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। भीड़ को देखते हुए प्रभावी भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ घाटों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने विशेष रूप से नदी घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति से निपटने के लिए गोताखोरों, पुलिस बल और आवश्यक संसाधनों को पूरी तरह तैयार रखने पर जोर दिया। साथ ही श्रद्धालुओं से निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की गई।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह समेत पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी।
