महमूदाबाद में निकली भव्य कांवड़ यात्रा, हजारों शिवभक्तों ने किया जलाभिषेक,जनप्रतिनिधियों समेत अन्य लोग भी शामिल

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: महमूदाबाद में श्रावण मास के अंतिम सोमवार को पहली बार भव्य एवं ऐतिहासिक कांवड़ यात्रा निकाली गई। चिलचिलाती धूप और उमस भी शिवभक्तों के उत्साह को कम नहीं कर सकी। हजारों की संख्या में कांवड़िए नंगे पैर सड़कों पर ‘बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। नगर में जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर कांवड़ यात्रा का स्वागत किया।

भव्य कांवड़ यात्रा का शुभारंभ विधानसभा कुर्सी के विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा एवं महमूदाबाद की विधायक आशा मौर्या ने बाबा परमहंस धाम बन्नी स्थित सरोवर से जल भरने के बाद विधिवत पूजन-अर्चन के साथ किया। सरोवर के जल में गंगाजल मिलाकर कांवड़ियों को कलश वितरित किए गए। इस दौरान आंजनेय आशीष वाजपेयी, संजय मिश्र, अनुज गुप्त, अमित वाजपेयी, पवन शुक्ल, शुभम सहित अन्य लोगों ने कांवड़ियों की सेवा की।

केसरिया ध्वज हाथों में थामे युवाओं की टोलियां भक्ति गीतों पर नाचते-गाते और जयकारे लगाते हुए यात्रा में शामिल हुईं। कांवड़ यात्रा सुंदौली मोड़, ठाकुरपुर, मोतीपुर चौराहा, रमुवापुर, बेलदारी टोला, रामकुंड चौराहा और बजाजा चौराहा होते हुए आगे बढ़ी। बजाजा चौराहे के निकट समाजसेवी अम्बरीश गुप्त ने कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।

इसके बाद यात्रा चिकमंडी चौराहा और तहसील मार्ग होते हुए मां संकटा देवी धाम पहुंची। यहां स्थित महाकालेश्वर महादेव मंदिर में स्थापित भगवान नर्मदेश्वर शिवलिंग का कांवड़ियों ने जलाभिषेक कर विधिवत पूजन-अर्चन किया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा।

कांवड़ियों के लिए प्रसाद एवं अन्य व्यवस्थाओं का इंतजाम विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा की ओर से किया गया। यात्रा में सीता ग्रुप ऑफ एजुकेशन के चेयरमैन आरके वाजपेयी, पूर्व चेयरमैन सुरेश वर्मा, मोहन प्रसाद बारी, अंकुश राज विश्वकर्मा, शिवदास पुरवार, कृतार्थ मिश्र, अतुल चित्रांश, जितिन तिवारी, विजय तोमर, अनिल शुक्ल, कमलेश राजपूत, अम्बरीश वर्मा, रवि अवस्थी, किरन वाजपेयी, करूणा, पूनम वर्मा और कामिनी समेत बड़ी संख्या में शिवभक्त एवं महिलाएं शामिल रहीं।

महमूदाबाद में पहली बार निकली इस विशाल कांवड़ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे यात्रा मार्ग पर भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा तथा लोगों ने श्रद्धालुओं का स्वागत कर कांवड़ यात्रा को यादगार बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *