कोतवाली परिसर में सुलह समझौता के दौरान एक युवक ने अपनी गर्दन पर ब्लेड से किया वार, ट्रामा सेंटर रेफर ,जांच शुरू

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: महमूदाबाद कोतवाली परिसर में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विवाद के निस्तारण के लिए थाने बुलाए गए एक युवक ने कथित तौर पर अपनी गर्दन पर छोटी ब्लेड से वार कर लिया। युवक के घायल होने के बाद पुलिस ने तत्काल उसे सीएचसी महमूदाबाद पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस के अनुसार युवक की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद वेद प्रकाश श्रीवास्तव के अनुसार, 23 अगस्त की शाम करीब सात बजे मोतीपुर निवासी राहुल प्रजापति अपने घर के सामने पटाखे जला रहा था। इसी दौरान पटाखे की वजह से पड़ोस में रहने वाली नीलम प्रजापति की पुत्री के कुछ बाल जल गए। घटना को लेकर नीलम की ओर से पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया गया था। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को बातचीत और मामले के निस्तारण के लिए कोतवाली बुलाया था।

बताया गया कि थाने में दोनों पक्षों के बीच बातचीत चल रही थी। इसी दौरान नीलम पक्ष की ओर से मुकदमा दर्ज कराने की बात कही गई। सीओ के मुताबिक, इसी बात से नाराज होकर राहुल प्रजापति ने अपनी जेब से एक छोटी ब्लेड निकाली और अपनी गर्दन पर वार कर लिया। घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे उपचार के लिए सीएचसी महमूदाबाद पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया।

वीडियो वायरल, युवक ने लगाए आरोप : घटना के बाद घायल राहुल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में वह पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर कुछ आरोप लगाते हुए दिखाई दे रहा है। हालांकि, वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

वहीं, घटना को लेकर एक अन्य पक्ष की ओर से युवक पर हमला किए जाने का दावा भी सामने आया है। पुलिस के आधिकारिक बयान के अनुसार, युवक ने स्वयं ब्लेड से अपनी गर्दन पर वार किया है। ऐसे में घटना की वास्तविक परिस्थितियों को लेकर पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

क्षेत्राधिकारी वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि घायल युवक की स्थिति सामान्य है तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है। पुलिस पूरे मामले की जांच करते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *