लगभग बीस वर्षों से कीचड़ और जलभराव समस्या से जूझ रहे नेकनामपुर के ग्रामीण, जिम्मेदारों की अनदेखी पर उठे सवाल

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: तहसील महमूदाबाद के विकासखंड पहला की ग्राम पंचायत दरियापुर के नेकनामपुर गांव में ग्रामीण पिछले करीब 20 वर्षों से कीचड़ और जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। गांव का रास्ता लंबे समय से बदहाल होने के कारण बारिश के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है। ग्रामीणों को इसी कीचड़ और पानी से होकर आवागमन करने को मजबूर होना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या कोई नई नहीं है। करीब दो दशक से रास्ते की हालत सुधारने की मांग की जा रही है, लेकिन ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों से लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों तक शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

ग्रामीण अजय, रवि, रविंद्र, गोविंद, अमर सिंह, सोनू आदि ने बताया कि रास्ते पर जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी जमा रहता है। बारिश होने पर रास्ता पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाता है, जिससे पैदल चलने वालों के साथ ही बाइक और अन्य वाहनों से आवागमन करने में भी परेशानी होती है।

ग्रामीणों का कहना है कि कई बार जिम्मेदारों से पक्की नाली और इंटरलॉकिंग सड़क बनवाने की मांग की गई, ताकि जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो सके। इसके बावजूद वर्षों से समस्या जस की तस बनी हुई है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों ने शिकायतों को गंभीरता से लिया होता तो आज ग्रामीणों को इस दुश्वारी का सामना नहीं करना पड़ता। 20 वर्ष से समस्या का समाधान न होना संबंधित विभाग और ग्राम पंचायत की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े करता है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर मौके का निरीक्षण कराने तथा जलनिकासी के लिए पक्की नाली और आवागमन के लिए इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराने की मांग की है, जिससे गांव के लोगों को लंबे समय से चली आ रही समस्या से स्थायी निजात मिल सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *