ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: थाना महमूदाबाद क्षेत्र की सिरौली पुलिस चौकी के अंतर्गत महमूदाबाद-सिधौली मुख्य मार्ग स्थित देशी शराब ठेके के पास डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों में विवाद के बाद मारपीट हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को शांत कराया। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को लिखित तहरीर नहीं दी गई है।
जानकारी के अनुसार थाना महमूदाबाद क्षेत्र के भरथर गाँव निवासी विकास कुमार नामक युवक अपने साथी सर्वेश कुमार के साथ एक कार्यक्रम में डीजे बजाने गया था। बुकिंग पूरी होने के बाद वह डीजे वाहन से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान सिरौली स्थित देशी शराब ठेके के पास बनी कैंटीन से पान-मसाला लेने के लिए वह वाहन से नीचे उतरा। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद दो युवक शराब के नशे में डीजे बजाने की बात कहने लगे।
विकास और उसके साथी सर्वेश ने देर होने का हवाला देते हुए वहां डीजे बजाने से मना किया और कहा कि इस समय डीजे बजाने पर पुलिस की कार्रवाई हो सकती है। इसी बात को लेकर फतेहखेरवा मजरे शिष्टीपुर गांव निवासी राहुल तथा नीरपुर मजरे सदरावां निवासी अजय कुमार से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।
विकास के शोर मचाने पर उसका साथी भी मौके पर पहुंच गया, जिसके बाद दोनों पक्षों में हाथापाई होने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद डीजे पक्ष ने डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस से मदद मांगी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से घटना की जानकारी ली।
पुलिस के पहुंचने के बाद दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर लिया और अपने-अपने घर जाने को तैयार हो गए। दोनों पक्ष मौके से चले भी गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार राहुल अपनी लाल रंग की मोटरसाइकिल से सिरौली चौराहे की ओर चला गया, जबकि अजय भी उससे पहले सिरौली चौराहे की तरफ जा चुका था।
बताया जा रहा है कि घटना के करीब एक घंटे बाद अजय के जीजा गंगाराम निवासी सिरौली अपनी पत्नी के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ठेके के सेल्समैन सालिक राम , कैंटीन संचालक सुनील कुमार समेत करीब चार-पांच लोगों के खिलाफ महमूदाबाद थाने में शिकायत देने की बात कही। उनका आरोप था कि राहुल की गाड़ी चोरी कर उसे मौके से गायब कर दिया गया है।
इस दौरान गंगाराम व उनकी पत्नी ने आसपास मौजूद लोगों से कथित तौर पर अभद्रता भी की। उन्होंने कहा कि यदि उनका साला घर नहीं पहुंचा तो अगले दिन कई लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत देकर कार्रवाई कराई जाएगी। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक राहुल और अजय दोनों घटना के बाद अपने-अपने वाहन से सिरौली चौराहे की ओर जा चुके थे।
फिलहाल मामले में किसी भी पक्ष की ओर से महमूदाबाद पुलिस को लिखित प्रार्थना पत्र नहीं दिया गया है। डायल 112 पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद दोनों पक्षों के बीच मामला शांत हो गया और सभी अपने-अपने घर चले गए।
