लगभग 15 वर्षों से कीचड़ और जलभराव की मार झेल रहा तिंदोहिया गांव, जिम्मेदारों की अनदेखी से ग्रामीण परेशान

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: विकासखंड पहला की ग्राम पंचायत दरियापुर के तिंदोहिया गांव में सड़क और जल निकासी की बदहाल व्यवस्था ग्रामीणों के लिए लंबे समय से परेशानी का कारण बनी हुई है। करीब डेढ़ दशक से गांव के रास्ते पर कीचड़ और जलभराव की समस्या बनी हुई है। बारिश के मौसम में हालात और विकट हो जाते हैं और ग्रामीणों को गंदे पानी व कीचड़ के बीच से होकर आवागमन करना पड़ता है।

ग्रामीणों के मुताबिक, गांव के रास्ते पर पानी की निकासी के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। बारिश का पानी रास्ते पर जमा होने के बाद लंबे समय तक नहीं निकल पाता, जिससे पूरा मार्ग दलदल में तब्दील हो जाता है। ऐसे में पैदल राहगीरों के साथ बाइक और अन्य वाहनों से आने-जाने वाले लोगों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीण अमित यादव, तेजराम, दिनेश, जगत पाल, माधव राम, अशोक, कुलदीप, नीरज यादव सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि रास्ते की समस्या को दूर कराने के लिए कई बार ग्राम पंचायत के जिम्मेदारों और संबंधित विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों से शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि रास्ते के दोनों ओर पक्की नाली का निर्माण कर जल निकासी की व्यवस्था कर दी जाए और सड़क पर इंटरलॉकिंग कार्य कराया जाए तो काफी हद तक समस्या दूर हो सकती है। लेकिन वर्षों से मांग किए जाने के बावजूद इस दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।

ग्रामीणों ने कहा कि करीब 10 से 15 वर्षों तक किसी समस्या का बने रहना संबंधित जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। उनका आरोप है कि शिकायतों के बावजूद समस्या को गंभीरता से नहीं लिया गया, जिसका खामियाजा गांव के लोगों को बारिश के दिनों में कीचड़ और जलभराव के रूप में भुगतना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से गांव की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण कराने और समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। उन्होंने रास्ते पर इंटरलॉकिंग सड़क के साथ पक्की नाली का निर्माण कराए जाने की मांग करते हुए कहा कि इससे जलभराव से निजात मिलने के साथ ग्रामीणों का आवागमन भी सुगम हो सकेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *