मरहमत नगर गांव में जलभराव से ग्रामीण परेशान, पांच सौ मीटर दूर रुकती है एंबुलेंस; जिम्मेदारों की अनदेखी पर उठे सवाल

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: विकासखंड पहला की ग्राम पंचायत मरहमत नगर (भेथरा) गांव में लंबे समय से मुख्य रास्ते पर गंदा पानी और कीचड़ जमा होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात इतने खराब हैं कि गांव में किसी व्यक्ति के बीमार होने पर बुलाने के बावजूद एंबुलेंस गांव के अंदर तक नहीं पहुंच पाती। एंबुलेंस को गांव से करीब पांच सौ मीटर पहले ही खड़ा करना पड़ता है, जिसके बाद मरीज के परिजन उसे चारपाई या हाथों में उठाकर एंबुलेंस तक ले जाने को मजबूर होते हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के मुख्य रास्ते पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण कई वर्षों से यह समस्या बनी हुई है। रास्ते पर पहले खड़ंजा लगाया गया था, जो आज भी मौजूद है, लेकिन लगातार जलभराव और कीचड़ के चलते इसकी स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। बरसात के दिनों में समस्या और गंभीर हो जाती है। ग्रामीणों को रोजाना इसी कीचड़ और गंदे पानी से होकर आवागमन करना पड़ता है।

ग्रामीणों के मुताबिक, सड़क और जल निकासी की समस्या केवल आवागमन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह गांव के बीमार, बुजुर्गों, बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए भी बड़ी परेशानी बन चुकी है। आपात स्थिति में एंबुलेंस के गांव तक नहीं पहुंच पाने से मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि किसी मरीज की हालत गंभीर हो तो रास्ते की यह बदहाली उसकी परेशानी को और बढ़ा सकती है।

ग्रामीण लवलेश यादव, रुस्तम, कपिल, मो. मिशम, अमित यादव, सोनू, पीयूष, रमेश, शिवम, हरिओम, महाजन, सत्यम, विश्वनाथ, अजय, राम किशोर, संतोष, राजन, तसवर, मुकेश यादव, अरविंद, छोटे लाल मिश्रा, सुंदर पाल समेत अन्य लोगों ने बताया कि समस्या लंबे समय से जिम्मेदारों के संज्ञान में है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते नाली और सड़क की व्यवस्था दुरुस्त कर दी जाती तो आज गांव के लोगों को इस तरह की परेशानी नहीं झेलनी पड़ती। उनका आरोप है कि संबंधित विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों तथा जनप्रतिनिधियों की ओर से गांव की इस गंभीर समस्या के समाधान को लेकर अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई गई।

ग्रामीणों ने मांग की है कि गांव के मुख्य रास्ते समेत अन्य खराब रास्तों पर इंटरलॉकिंग कार्य कराया जाए, पक्की नालियों का निर्माण कर जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा जर्जर रास्तों की मरम्मत एवं आवश्यक स्थानों पर नए मार्गों का निर्माण कराया जाए। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों से मौके का स्थलीय निरीक्षण कर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि विकास कार्यों का उद्देश्य तभी सार्थक होगा, जब गांव के लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन के साथ-साथ आपात स्थिति में एंबुलेंस जैसी जरूरी सेवाओं की सुविधा भी समय पर मिल सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *