बारह रबीउल अव्वल पर दर्जिन पुरवा गांव में उमड़ा अकीदत का सैलाब, हजारों अकीदतमंदों ने निकाला भव्य जुलूस

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: विकासखंड पहला क्षेत्र के दर्जिन पुरवा गांव में 12 रबीउल अव्वल के मुबारक अवसर पर बुधवार को अकीदत और उत्साह का माहौल देखने को मिला। मोहम्मद रिजवान अली के नेतृत्व में भव्य जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। जुलूस में दर्जिन पुरवा, महुआ डंडा, भुड़कुड़ा समेत आसपास के गांवों की विभिन्न अंजुमनों ने हिस्सा लिया। हजारों की संख्या में बच्चे, युवा, महिलाएं, बुजुर्ग और अकीदतमंद जुलूस में शामिल हुए। नात-ए-पाक और सलाम की सदाओं से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

जुलूस का आगाज दर्जिन पुरवा गांव से हुआ। यहां से जुलूस महुआ डंडा पहुंचा, जहां अकीदतमंदों के लिए नाश्ते और पानी की व्यवस्था की गई। इसके बाद जुलूस भुड़कुड़ा गांव पहुंचा और विभिन्न मार्गों से भ्रमण करते हुए दोबारा महुआ डंडा पहुंचा। देर शाम जुलूस वापस दर्जिन पुरवा पहुंचा, जहां मगरिब की नमाज अदा करने के बाद दुआ के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

जुलूस के पूरे मार्ग पर स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। जगह-जगह अकीदतमंदों के लिए पानी और अन्य व्यवस्थाएं की गईं। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के चलते पूरे क्षेत्र में उत्साह और धार्मिक माहौल नजर आया।

इस दौरान मोहम्मद रिजवान अली ने पैगंबर हजरत मोहम्मद की जिंदगी और उनकी शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पैगंबर साहब ने पूरी इंसानियत को अमन, भाईचारे, प्रेम, समानता और जरूरतमंदों की मदद का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और समाज में शांति, भाईचारे तथा सामाजिक एकता को मजबूत करने की अपील की।
कार्यक्रम में मोहम्मद रिजवान अली, मोहम्मद उमर, गुड्डू टेलर, वसीम, मोहम्मद हफीज, अय्यूब अहमद, फरहान अली समेत बड़ी संख्या में अकीदतमंद मौजूद रहे।

सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद : जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए थाना सदरपुर पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। संसारपुर चौकी प्रभारी घनश्याम राय के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल बसंत पटेल, आरक्षी रानू कुमार, आरक्षी मोरपाल समेत पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस की निगरानी में जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। आयोजन के माध्यम से क्षेत्र में अमन, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *