ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: विकासखंड पहला की ग्राम पंचायत मेहरामऊ में पंचायत भवन तक जाने वाला रास्ता इन दिनों बदहाली का शिकार है। खड़ंजे के किनारे पक्की नाली का निर्माण न होने के कारण घरों और आसपास का गंदा पानी सड़क पर जमा हो रहा है। इससे रास्ते पर जगह-जगह कीचड़ और जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव के रास्ते पर कई स्थानों पर ह्यूम पाइप डालने की भी आवश्यकता है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश और घरों से निकलने वाला पानी सड़क पर ही जमा हो जाता है। लंबे समय से बनी इस समस्या के कारण रास्ते की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।
वहीं, कुछ ग्रामीणों ने नाम न छापने की शर्त पर आरोप लगाया कि पंचायत भवन भी निर्धारित समय पर नियमित रूप से नहीं खुलता है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत सहायक को प्रतिमाह मानदेय दिया जाता है, इसके बावजूद पंचायत भवन पर समय से उपस्थित नहीं होने के कारण ग्रामीणों को जरूरी पंचायत संबंधी कार्यों के लिए परेशान होना पड़ता है।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से पंचायत भवन को नियमानुसार नियमित रूप से खोले जाने के साथ ही पंचायत भवन तक जाने वाले खराब रास्ते की मरम्मत, जल निकासी के लिए पक्की नाली का निर्माण और आवश्यक स्थानों पर ह्यूम पाइप डलवाए जाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि इन समस्याओं का जल्द समाधान होने से आवागमन सुगम होगा और पंचायत भवन पहुंचने वाले लोगों को भी राहत मिलेगी।
