बच्चों ने अपने हाथों से बनाई राखियां, सेना के जवानों को भेजा प्रेम और सम्मान का संदेश ,वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर श्री महावीर प्रसाद मिश्र मेमोरियल शिक्षण संस्थान, सदरावां में राखी बनाओ प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और देशभक्ति के भाव के साथ किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के करीब एक सैकड़ा छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने रंग-बिरंगी और आकर्षक राखियां तैयार कीं। छात्र-छात्राओं ने अपनी कल्पनाशीलता और हुनर का परिचय देते हुए एक से बढ़कर एक सुंदर राखियां बनाईं। बच्चों में प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

विद्यालय के प्रबंधक श्री निवास मिश्र ने सभी प्रतिभागी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ उनमें देशप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना विद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है।

विद्यालय में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी बच्चों द्वारा तैयार की गई राखियों को भारतीय डाक के माध्यम से देश की सीमाओं पर तैनात भारतीय सेना के जवानों के लिए भेजा गया। बच्चों की ओर से भेजी गई ये राखियां जवानों के प्रति सम्मान, स्नेह और कृतज्ञता का प्रतीक हैं।

विद्यालय परिवार का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों का उद्देश्य बच्चों में रचनात्मकता को बढ़ावा देने के साथ-साथ उनमें देशप्रेम, भाईचारे और राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है। विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास और उनकी प्रतिभाओं को निखारने के लिए निरंतर विभिन्न रचनात्मक एवं सामाजिक गतिविधियों का आयोजन करता रहता है।

इस अवसर पर उप प्रबंधक गौरव कुमार मिश्र और प्रधानाचार्या एकता मिश्रा ने भी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बच्चों को सभी प्रकार के भेदभाव से दूर रहकर आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ रहने का संदेश दिया। उन्होंने ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना को अपनाते हुए समाज और देश की एकता एवं सद्भाव को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *