बस्ता प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, करीब एक सैकड़ा छात्र-छात्राएं हुए सफल, उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: महमूदाबाद तहसील क्षेत्र के सदरावां में स्थित श्री महावीर प्रसाद मिश्र मेमोरियल शिक्षण संस्थान में बस्ता प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। प्रतियोगिता का संचालन प्रधानाचार्या एकता मिश्रा, शिक्षिका मोनिका मिश्रा और कक्षा अध्यापकों ने किया। इसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग करते हुए अपने बस्ते को सुंदर, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने का प्रयास किया।

प्रतियोगिता के दौरान निर्णायक मंडल ने विद्यार्थियों के बस्तों का बारीकी से निरीक्षण किया। बच्चों की ओर से की गई बेहतर तैयारी के चलते विजेताओं का चयन करना निर्णायक मंडल के लिए भी चुनौतीपूर्ण रहा। प्रतियोगिता में लगभग एक सैकड़ा छात्र-छात्राओं ने सफलता हासिल की।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की पाठ्य पुस्तकों, कॉपियों, टाइम टेबल, बैग, वेशभूषा और अन्य पाठ्य सामग्री की व्यवस्थित स्थिति को आधार बनाया गया। इसके साथ ही कॉपियों पर लगी जिल्द, बस्ते का रखरखाव, वेशभूषा की स्वच्छता, जलपान तथा अन्य जरूरी सामग्री का भी निरीक्षण किया गया।

विद्यालय प्रबंधक श्रीनिवास मिश्र ने प्रतियोगिता में सफल और प्रतिभाग करने वाले सभी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वर्तमान समय प्रतियोगिताओं का दौर है। छोटी से लेकर बड़ी प्रतियोगिताओं का अपना महत्व होता है। विद्यार्थियों को ऐसी प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए, क्योंकि प्रतियोगिताओं में शामिल होने से आत्मविश्वास बढ़ता है और सफलता के लिए निरंतर अभ्यास की भावना विकसित होती है।

उन्होंने बताया कि विद्यालय में प्रत्येक वर्ष सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए बस्ता प्रतियोगिता आयोजित की जाती है। इसका उद्देश्य बच्चों में स्वच्छता, अनुशासन, व्यवस्थित रहने और अपनी पाठ्य सामग्री की देखभाल करने की आदत विकसित करना है।

कार्यक्रम के समापन पर डिप्टी मैनेजर गौरव मिश्र ने सभी विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य उमाशंकर वर्मा, शिक्षक राजकुमार श्रीवास्तव, कृष्ण कुमार वर्मा, जागेश्वर सिंह, राजेंद्र वर्मा, सुनील वर्मा, सुनील यादव, अमित कुमार जोशी, अखिलेश, हिमांशु दर्पण तथा शिक्षिकाएं अंदेशा वर्मा, रोली वर्मा, आयुषी वर्मा, हिमांशी दीक्षित, अंकिता वर्मा, पूजा वर्मा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *