ब्यूरो रिपोर्ट , सीतापुर: विकासखंड पहला क्षेत्र के बेहमा चौकी स्थित सहयोग छात्र शिक्षा समिति के कार्यालय में गुरुवार को रक्षाबंधन का पर्व प्रेम, स्नेह और भाईचारे की भावना के साथ मनाया गया। इस दौरान शहीद भगत सिंह माध्यमिक विद्यालय, बेहमा की छात्राओं ने संस्था प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार और कार्यालय प्रभारी आशीष कुमार की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की खूबसूरत मिसाल पेश की।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं खुशबू, कुसुमलता, गुंजन, दिव्यांशी, सलोनी, सानिया, निदा, रजनी, सोनम, मुस्कान, शीलू और चांदनी ने दोनों को राखी बांधी। इसके बाद छात्राओं ने तिलक लगाकर मिठाई खिलाई और उनकी दीर्घायु, सुख-समृद्धि एवं सफलता की कामना की। छात्राओं के स्नेह और आत्मीयता से संस्था कार्यालय का माहौल भावुक होने के साथ ही खुशी से भर गया।
इस अवसर पर संस्था प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई की कलाई पर राखी बांधने तक सीमित पर्व नहीं है, बल्कि यह प्रेम, विश्वास, सम्मान, सुरक्षा और भाईचारे की भावना का प्रतीक है। छात्राओं द्वारा राखी बांधना उनके लिए बेहद भावुक और यादगार क्षण रहा। उन्होंने कहा कि संस्था बच्चों को बेहतर शिक्षा और संस्कार देने के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी।
कार्यक्रम में शहीद भगत सिंह माध्यमिक विद्यालय के सहायक प्रबंधक उपेंद्र सिंह, अरुण कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने छात्राओं के स्नेहपूर्ण प्रयास की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रक्षाबंधन के इस आयोजन ने विद्यालय और संस्था के बीच आपसी आत्मीयता को और मजबूत किया। साथ ही कार्यक्रम ने शिक्षा, संस्कार, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का प्रेरक संदेश दिया।
