खबर का असर: मरहमत नगर में जलभराव और कीचड़ की सफाई शुरू, सचिव व प्रधान प्रतिनिधि ने मौके पर पहुंचकर कराया काम

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: विकासखंड पहला की ग्राम पंचायत मरहमत नगर (भेथरा) गांव में लंबे समय से मुख्य रास्ते पर जमा गंदे पानी और कीचड़ की समस्या को लेकर बुधवार को खबर प्रकाशित की गई थी। खबर प्रकाशित होने के बाद गुरुवार को ग्राम पंचायत प्रशासन हरकत में आया। ग्राम पंचायत के सचिव और प्रधान प्रतिनिधि ने मौके पर पहुंचकर रास्ते का निरीक्षण किया और मजदूरों को लगाकर जलभराव व कीचड़ की सफाई का कार्य शुरू कराया।

गांव के मुख्य रास्ते पर लंबे समय से जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण गंदा पानी और कीचड़ जमा था। स्थिति इतनी खराब थी कि ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों ने बताया था कि आपात स्थिति में एंबुलेंस भी गांव के अंदर तक नहीं पहुंच पाती और करीब 500 मीटर पहले ही रुक जाती है। ऐसे में मरीजों को परिजन चारपाई या हाथों के सहारे एंबुलेंस तक पहुंचाने के लिए मजबूर होते हैं।

बुधवार को समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद गुरुवार को ग्राम पंचायत के सचिव और प्रधान प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। उन्होंने रास्ते पर जमा कीचड़ और पानी की स्थिति का जायजा लिया तथा मजदूरों को मौके पर बुलाकर सफाई का काम शुरू कराया। मजदूरों द्वारा रास्ते से कीचड़ हटाने और जलभराव कम करने का कार्य किया गया, जिससे ग्रामीणों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

ग्रामीणों ने बताया कि रास्ते की बदहाली के कारण बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही थी। सफाई का कार्य शुरू होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और उम्मीद जताई कि समस्या का स्थायी समाधान भी जल्द कराया जाएगा।

ग्रामीणों का कहना है कि केवल कीचड़ हटाने से समस्या पूरी तरह समाप्त नहीं होगी। जलभराव की मुख्य वजह जल निकासी की व्यवस्था का अभाव है। इसलिए गांव के मुख्य रास्ते पर पक्की नाली का निर्माण कराने के साथ ही जर्जर खड़ंजे की मरम्मत अथवा इंटरलॉकिंग कार्य कराया जाना जरूरी है।

खबर प्रकाशित होने के बाद कार्रवाई शुरू होने से ग्रामीणों ने राहत जताई है। अब ग्रामीणों की नजर इस बात पर है कि ग्राम पंचायत की ओर से सफाई के बाद जल निकासी और सड़क की स्थायी व्यवस्था के लिए आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *