रक्षाबंधन पर पुलिस अधिकारियों को स्कूली बच्चों ने बांधी राखी, मिठाई और चॉकलेट पाकर खिले स्कूली बच्चों के चेहरे

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर:   रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर स्टडी वेल पब्लिक स्कूल एवं सुमित्रा मॉडर्न स्कूल के छात्र-छात्राओं ने पुलिस कार्यालय सीतापुर पहुंचकर पुलिस अधीक्षक और अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी को राखी बांधी। बच्चों ने अधिकारियों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का संदेश दिया।

इस दौरान छात्र-छात्राओं ने अपने हाथों से तैयार किए गए सुंदर एवं आकर्षक ग्रीटिंग कार्ड भी पुलिस अधिकारियों को भेंट किए। बच्चों के इस स्नेह और अपनत्व से पुलिस कार्यालय का माहौल खुशनुमा हो गया।

पुलिस अधीक्षक और अपर पुलिस अधीक्षक ने बच्चों के स्नेह की सराहना करते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। अधिकारियों ने बच्चों को उपहार स्वरूप मिठाइयां और चॉकलेट वितरित कीं, जिन्हें पाकर छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।

रक्षाबंधन के इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों और स्कूली बच्चों के बीच आत्मीयता और भाई-बहन के रिश्ते की भावनात्मक झलक देखने को मिली। कार्यक्रम ने पुलिस और समाज के बीच आपसी जुड़ाव एवं विश्वास को भी मजबूत करने का संदेश दिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *