सीतापुर में अलग अलग स्थानों पर दिव्यांगजनों के लिए सितंबर में लगेंगे परीक्षण शिविर, एलिम्को की विशेषज्ञ टीम करेगी जांच

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: जनपद में दिव्यांगजनों को कृत्रिम एवं सहायक उपकरणों से लाभान्वित करने के उद्देश्य से सितंबर 2026 में जिले में परीक्षण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। सीतापुर जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने बताया कि भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), कानपुर के विशेषज्ञों की टीम द्वारा एडिप योजना के तहत लोकसभा क्षेत्र सीतापुर के अंतर्गत आने वाले विकासखंडों में पात्र दिव्यांगजनों का परीक्षण किया जाएगा।

प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 1 सितंबर को विकासखंड कार्यालय बिसवां, 2 सितंबर को महमूदाबाद विकासखंड कार्यालय, 3 सितंबर को विकासखंड कार्यालय लहरपुर, व 5 सितंबर को खैराबाद विकासखंड कार्यालय तथा 7 सितंबर को जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय, सीतापुर में परीक्षण शिविर आयोजित होगा।

इन शिविरों में विशेषज्ञों की टीम पात्र दिव्यांगजनों की आवश्यकता के अनुसार कृत्रिम एवं सहायक उपकरणों के लिए परीक्षण करेगी। परीक्षण के बाद पात्र लाभार्थियों को योजना के तहत आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

अधिक से अधिक दिव्यांगजनों तक पहुंचाने के निर्देश : जिलाधिकारी ने संबंधित विकासखंडों के खंड विकास अधिकारियों को शिविरों के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। शिविर स्थल पर मेज-कुर्सी, पेयजल, कंप्यूटर अथवा लैपटॉप के लिए विद्युत व्यवस्था और इंटरनेट कनेक्टिविटी समेत अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया है।

उन्होंने अधिकारियों को विकासखंड क्षेत्र के सभी ग्रामों में व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के भी निर्देश दिए हैं, ताकि अधिक से अधिक पात्र दिव्यांगजन शिविरों में पहुंचकर अपना परीक्षण करा सकें और योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।

प्रशासन ने पात्र दिव्यांगजनों से निर्धारित तिथियों पर संबंधित शिविर स्थल पर पहुंचकर परीक्षण कराने की अपील की है, जिससे उन्हें आवश्यक कृत्रिम एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी की जा सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *