युवा संवाद कार्यक्रम में आरएसएस के विभाग प्रचारक ने युवाओं से सकारात्मक सोच अपनाने का किया आह्वान

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर:  महमूदाबाद नगर में स्थित सीता ग्रुप ऑफ एजुकेशन के शास्त्री सभागार में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक अभिषेक ने युवा संवाद कार्यक्रम के दौरान युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि मनुष्य जीवन मिलना भाग्य का विषय है, जबकि भारत जैसे महान राष्ट्र में जन्म लेना सौभाग्य की बात है।

युवाओं को नकारात्मक विचारों और तत्वों से स्वयं को बचाते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। राष्ट्र निर्माण की पहली और सबसे महत्वपूर्ण शर्त चरित्र निर्माण है।

साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं को अपने जीवन में सकारात्मक विचारों को अपनाना चाहिए और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि मैकाले की शिक्षा नीति ने देश को कई वर्षों तक पीछे करने का कार्य किया। युवाओं को अपने इतिहास और संस्कृति को समझने के साथ-साथ देश के महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए।

विभाग प्रचारक अभिषेक ने वीर सावरकर का उदाहरण देते हुए कहा कि युवाओं को ऐसे स्वतंत्रता सेनानियों को अपना आदर्श बनाना चाहिए और उनके जीवन के बारे में सही तथ्यों का अध्ययन करना चाहिए। उन्होंने अफवाहों और भ्रामक बातों से बचने की भी अपील की।

भगवान राम के जीवन का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि भगवान राम को केवल राजा दशरथ के पुत्र होने के कारण नहीं, बल्कि उनके आदर्श आचरण, समरसता और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने के कारण याद किया जाता है। उन्होंने कहा कि भगवान राम ने शबरी के जूठे बेर स्वीकार किए और पशु-पक्षियों सहित समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों आशुतोष, अंशिका, उज्ज्वल वर्मा सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे। अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का सहजता से उत्तर देते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला संघ चालक राजाराम ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे एवं मां भारती के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। संस्था के चेयरमैन आरके वाजपेयी एवं डिप्टी चेयरमैन वागीश दिनकर वाजपेयी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।

इस अवसर पर नगर प्रचारक आदर्श, नगर सायं शारीरिक प्रमुख उज्ज्वल सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *